UP Nikay Chunav : दूसरे चरण के प्रचार पर लगी रोक, किस्मत आजमाने चुनाव मैदान में उतरे 39 हजार 146 उम्मीदवार

UP Nikay Chunav : दूसरे चरण में 38 जिलों की 95 नगर पालिका अध्यक्षों के लिए 969 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
दूसरे चरण के प्रचार पर लगी रोक
दूसरे चरण के प्रचार पर लगी रोक

लखनऊ, एजेंसी। उत्तर प्रदेश में हो रहे नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पूर्व मंगलवार शाम को चुनाव प्रचार थम गया। 38 जिलों के 370 निकायों में 11 मई को मतदान होगा। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भारतीय जनता पार्टी के अन्य दिग्गज नेताओं ने चुनावी जिलों में सभाएं कीं तो समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भी कानपुर में रोड शो करके जनता से समर्थन की अपील की है।

11 मई को 38 जिलों के 370 निकायों में होगा मतदान

दूसरे चरण में सात नगर निगम में मेयर और नगर निगम के 590 वार्डों में सभासदों के लिए चुनाव होगा। नगर निगमों में 6111 मतदेय स्थल और 1798 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। 95 नगर पालिका परिषदों के चेयरमैन, नगर पालिका परिषद के 2551 वार्डों में सदस्यों का चुनाव होना है। 268 नगर पंचायत के अध्यक्षों और नगर पंचायतों के 3495 वार्ड सदस्यों के लिए मतदान होंगे। कुल निकायों की बात करें तो 11 मई को 370 निकायों में चुनाव होना है। इसमें 6636 वार्ड हैं और पदों की संख्या 7006 है। 19,618 मतदान स्थल होंगे और 6378 कुल मतदान केंद्र बनाए गए हैं। दूसरे चरण में एक करोड़ 92 लाख 32 हजार 04 मतदाता हैं। उनमें से एक करोड़ दो लाख 16 हजार 992 पुरुष मतदाता हैं और 90 लाख 15 हजार 12 महिला मतदाता हैं।

दूसरे चरण के चुनाव मैदान में 39 हजार 146 उम्मीदवार

दूसरे चरण में 38 जिलों की 95 नगर पालिका अध्यक्षों के लिए 969 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। नगर पालिका परिषद के 2551 वार्ड सदस्यों के पद पर 13,315 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। 268 नगर पंचायत के अध्यक्ष के पदों पर 2942 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। 3495 नगर पंचायत सदस्य पदों पर 17,997 उम्मीदवार हैं। सात नगर निगमों में महापौर के पदों के लिए 83 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें 40 महिला और 43 पुरुष उम्मीदवार हैं। नगर निगम के 590 वार्डों में पार्षद पद के लिए 3840 उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे हैं। इस प्रकार से दूसरे चरण में 39 हजार 146 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें से 16 हजार 521 महिला और 22 हजार 625 पुरुष उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

दूसरे चरण में 11 मई को इन जिलों में पड़ेंगे वोट

दूसरे चरण में 11 मई को मेरठ, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बागपत, बुलंदशहर, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, कानपुर नगर, फर्रूखाबाद, इटावा, कन्नौज, औरैया, कानपुर देहात, हमीरपुर, चित्रकूट, महोबा, बांदा, अयोध्य़ा, सुलतानपुर, अम्बेडकर नगर, बाराबंकी, अमेठी, बस्ती, संत कबीरनगर, सिद्धार्थनगर, आजमगढ़, बलिया, मऊ, सोनभद्र, भदोही, मीरजापुर में मतदान होगा।

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in