unity-of-farmers-and-people-will-uproot-bjp39s-exploitative-pathetic-government-akhilesh
unity-of-farmers-and-people-will-uproot-bjp39s-exploitative-pathetic-government-akhilesh

भाजपा की शोषणकारी दम्भी सरकार को किसानों और जनता की एकता जड़ से उखाड़ देगी : अखिलेश

लखनऊ, 21 मार्च (हि.स.)। चार साल में अपनी जनहित की एक योजना भी न बता पाने वाली भाजपा सरकार की उपलब्धियों की जो असत्य कथा मुख्यमंत्री इन दिनों सुना रहे हैं, हालात उनके झूठे होने की गवाही खुलकर दे रहे हैं। मुख्यमंत्री किसानों की आय दुगनी कराने और नौजवानों को रोजगार देने के वादे सरकारी होर्डिंगों में दर्शा रहे हैं, पर आय दुगनी कैसे हो गई और रोजगार किसको मिला यह बताने से गुरेज कर रहे हैं। इसीलिए उनके सप्ताह पर्यन्त होने वाले जश्नों में जब बुझे दिल लेकर भाजपा कार्यकर्ता शिरकत नहीं कर रहे हैं तो आम जनता की क्या बात करें? ये बातें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को कही। उन्होंने कहा कि भाजपा की शोषणकारी दम्भी सरकार को किसानों और जनता की एकता जड़ से उखाड़ देगी। बेटी बचाओं और मिशन शक्ति के खोखले नारों की पोल तो रोज ही खुलती है। अखबारों में और टीवी चैनलों में हर रोज लूट, हत्या, बलात्कार के मामले छाए रहते हैं। बस्ती में एक बेटी पर घटिया नीयत से पुलिस ने फर्जी मुकदमों की लाइन लगा दी। भाजपा राज में राजधानी लखनऊ से सटे मोहन लालगंज में हुई एक घटना में एफआईआर दर्ज कराने में ही 22 माह का समय लग गया। एफआईआर भी तब दर्ज हुई जब कोर्ट ने आर्डर किया। पुलिस की मनमानी की यह बदनुमा मिसाल है। पीडि़त महिला को मंत्री जी सार्वजनिक रूप से दुत्कार रहे हैं। लोक भवन के सामने ही आत्महत्या के कई प्रयास हो चुके हैं। अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री के सुशासन और चार साल के जश्न की एक हकीकत तो तब दिखाई दी जब बागपत में गांव प्रधान द्वारा जमीन पर कब्जे से पीडि़त बेटी ने सुनवाई न होने पर आयुष मंत्री और विधायकों के समक्ष ही आत्महत्या का प्रयास किया। मंत्री-विधायक तत्काल मैदान छोड़कर चले गए। मुख्यमंत्री जी के रामराज में पीडि़तों को न्याय मिलने की जगह दुत्कार ही मिलती है। भाजपा की शोषणकारी दम्भी सरकार को किसानों और जनता की एकता जड़ से उखाड़ देगी। सांच को आंच नहीं आती है। हिन्दुस्थान समाचार/उपेन्द्र/दीपक

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in