नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अपना दल (एस) की संगठन समीक्षा बैठक हुई, जिसमें एनडीए सहयोगी और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने भी शिरकत की। बैठक में पार्टी की रणनीतियों और संगठन की मजबूती को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने योगी कैबिनेट के आउटसोर्सिंग में आरक्षण के फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी ने लंबे समय से इसी मांग को लगातार उठाया है।
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने संगठन समीक्षा बैठक में कहा कि आज अपना दल (एस) के लिए बेहद महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और उनका संघर्ष, मेहनत और समर्पण रंग लाने का स्वागत किया, जो संगठन के लिए सुखद और प्रेरणादायक परिणाम लेकर आया है।
नियमों के पालन में कमी से वंचित वर्ग प्रभावित- अनुप्रिया पटेल
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि हमारी पार्टी ने लंबे समय से आउटसोर्सिंग में नियुक्तियों में आरक्षण की सुनिश्चितता की मांग उठाई। नियमों के पालन में कमी से वंचित वर्ग प्रभावित हो रहे थे, उनका अधिकार हनन हो रहा था, जिसे हमारी पार्टी ने लगातार मजबूती से उठाया और समर्थित किया।
हमारी मांग एक-एक करके पूरी हो रही- अनुप्रिया पटेल
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि आपके संघर्ष की ताकत से उत्तर प्रदेश सरकार ने कैबिनेट के अहम निर्णय के तहत आउटसोर्सिंग में नियुक्तियों में आरक्षण नियमों के पालन के लिए व्यवस्था बना दी है। उन्होंने कहा, “देखिए, अपना दल (एस) की मांगे एक-एक कर पूरी हो रही हैं।” अभी कुछ महीने पहले हमारी प्रमुख मांग, देश में जाति आधारित जनगणना कराने की, पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने मंजूरी दे दी है।
आगे-आगे देखिए होता है क्या- अनुप्रिया पटेल
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट ने आउटसोर्सिंग में नियुक्तियों से जुड़ी अपना दल (एस) की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण मांग को पूरा कर दिया है। यह हमारे संघर्ष और मेहनत का सार्थक परिणाम है।
अनुप्रिया पटेल ने कहा, “आगे- आगे देखिए और क्या- क्या होता है। अपना दल (एस) के साथियों से मैं कहना चाहती हूं कि हमारी बातें सच में जमीन पर रहने वाले लोगों के दिल को छूती हैं, इसलिए सरकार तक हमारी आवाज पहुंचती है।”





