tractor-flag-hoisting-program-in-all-tehsils-of-sp-in-support-of-farmers
tractor-flag-hoisting-program-in-all-tehsils-of-sp-in-support-of-farmers

किसानों के समर्थन में सपा का 26 को सभी तहसीलों में ट्रैक्टर से ध्वजारोहण कार्यक्रम-रैली

-अपने ट्रैक्टरों पर तिरंगा लगाकर आयेंगे किसान, सपा के ध्वजारोहण कार्यक्रम में होंगे शामिल लखनऊ, 20 जनवरी (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किसानों के आन्दोलन के समर्थन में गणतंत्र दिवस पर सभी जनपदों में तहसील स्तर पर राष्ट्रीय ध्वज लगाकर ट्रैक्टर से ध्वजारोहण कार्यक्रम में रैली के आयोजन का निर्देश दिया है। अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों के साथ गणतंत्र दिवस मनाएगी और चंद पूंजीघरानों के हाथों कृषि को गिरवी रखने वाली भाजपा की साजिशों का पर्दाफाश करेगी। उन्होंने कहा कि इस दिन राज्य भर की प्रत्येक तहसील पर किसान अपने-अपने ट्रैक्टरों पर तिरंगा झण्डा लगाकर आयेंगे और समाजवादियों के साथ राष्ट्रीय ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होकर एकता का प्रदर्शन करेंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि किसान अपनी न्याय संगत मांगों को लेकर लगातार शान्तिपूर्ण धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका अहिंसात्मक आन्दोलन ऐतिहासिक बन गया है। गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय पर्व है। इस दिन अन्नदाता जो पूजनीय है, हम सबके सम्मान का पात्र है। उसको अपमानित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों की उपेक्षा नहीं की जानी चाहिए। उनकी बात मानने से राष्ट्र का गौरव बढ़ेगा। भाजपा नेतृत्व एवं सरकार को किसानों के प्रति अपनी भाषा भी मर्यादित रखनी चाहिए। उनके विरुद्ध अनर्गल और निराधार आरोप नहीं लगाने चाहिए। अखिलेश यादव ने कहा किसानों की मुख्य मांग यही है कि तीनों कृषि कानूनों को वापस लिया जाए क्योंकि किसान हितों के ये विरोधी है। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की अनिवार्यता से किसान को उसकी फसल का लाभकारी दाम मिल सकेगा। भाजपा को समझना चाहिए कि जिनके लिए यह कानून बना है उन्हें ही जब यह स्वीकार्य नहीं है तो फिर इसका क्या फायदा? किसानों पर इसे क्यों थोपा जा रहा है? उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों की पार्टी है। वह किसानों के पूर्ण समर्थन में है। किसानों ने भारत को आत्मनिर्भर बनाया है। यह त्याग और कुर्बानी करने वाला समाज है। समाजवादी पार्टी ने किसानों के समर्थन में किसान यात्रा और समाजवादी घेरा कार्यक्रम चलाये हैं। हिन्दुस्थान समाचार/संजय-hindusthansamachar.in

Raftaar | रफ्तार
raftaar.in