बाराबंकी, 10 मार्च (हि.स.)। जैदपुर थाना पुलिस ने चौबीस घंटे के भीतर अन्तरराज्यीय मादक पदार्थ (मार्फीन) की तस्करी करने वाले फरार तस्कर अखलाक को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को मुठभेड़ के दौरान उसका साथी शत्रुघ्न गिरफ्तार हुआ था और अखलाफ अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था। पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्त के पास से 500 ग्राम मार्फीन और 70 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त अखलाक से जो पता चला है कि वे सब झारखंड से कच्चा माल लाते हैं। इसके बाद उसे यहां तैयार करते है और उसे लखनऊ के रास्ते दिल्ली समेत सभी जनपदों में भेजते हैं। इस कारोबार से उन्हें मोटी रकम मिलती है। अखलाक पर छह से अधिक मुकदमें दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को जैदपुर थाना पुलिस ने मुठभेड़ में शत्रुघ्न को गिरफ्तार किया था। इस मुठभेड़ में वह पुलिस की गोली से घायल हुआ था, जबकि एक पुलिस कर्मी को गोली लगी थीं। फरार उसके साथी अखलाक की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा था। चौबीस घंटे के भीतर उसे भी दबोच लिया गया, उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। हिन्दुस्थान समाचार/दीपक




