students-should-work-on-agricultural-techniques-to-increase-farmers39-income-anandi-ben-patel
students-should-work-on-agricultural-techniques-to-increase-farmers39-income-anandi-ben-patel

किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि तकनीक पर काम करें छात्र : आनंदी बेन पटेल

— छात्रों से अधिक छात्राओं को पदक मिलना दर्शाता है महिला सशक्तिकरण कानपुर, 22 मार्च (हि.स.)। चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश का प्रमुख विश्वविद्यालय है। यहां के छात्र शोध के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाते हैं और बड़े—बड़े पदों पर उनका चयन होता है। लेकिन यह देखा जा रहा है कि शोधार्थी छात्र नौकरी पर अधिक ध्यान केन्द्रित करते हैं, जबकि होना चाहिये कि ऐसे छात्र कृषि तकनीक पर अधिक काम करें, ताकि किसानों की आमदनी को बढ़ाया जा सके। यह बातें सोमवार को कानपुर पहुंची उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने कही। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय सोमवार को अपना दीक्षा समारोह मनाया। मुख्य अतिथि कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल सबसे पहले विश्वविद्यालय परिसर में चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर पहुंचकर पुष्प चक्र अर्पित किया। इसके बाद विश्वविद्यालय के रोविंग कक्ष में प्रवेश किया, कैलाश भवन में कुलपति ने उनका स्वागत किया और फिर मंचासीन कराया। कुलाधिपति ने दीप प्रज्जवलित कर विश्वविद्यालय के 22वें दीक्षा समारोह की शुरुआत की। कुलपति ने विश्वविद्यालय की रिपोर्ट प्रस्तुति की। इसके बाद राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में 57 पदक में 31 पदक छात्राओं ने हासिल किया, यह महिला सशक्तिकरण का उदाहरण है। यह अत्यंत हर्ष का विषय है, लेकिन मेरे लिए चिंता का विषय है। आगे कहा कि लड़कियों को तो घर का काम भी करना पड़ता है। लड़के तो थाली तक नहीं उठाते हैं। समाज में बराबरी के लिए समानता रहना जरुरी है। चाहे वह लिंग अनुपात हो या फिर पढ़ाई का स्तर। हमारे देश की महिलाएं आगे आ रही हैं। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल रहा है। कोई भी महिला समाज को तबतक योगदान नहीं दे सकती, जबतक शारीरिक और मानसिक रुप से मजबूत न हो। लड़कियों क्या खाती हैं, इसकी लिस्ट बनाएं तब पता चलेगा क्या खा रही हैं। उनको संतुलित भोजन और सेहतमंद आहार लेने की जरुरत है। राज्यपाल ने कहा कि पढ़ाई करने के लिए बहुत मेहनत की जरुरत पड़ती है। समय का पालन करना पड़ता है, आपकी पढ़ाई के पीछे माता-पिता को कभी नहीं भूलना चाहिए। आपको पढ़ाने के लिए उन्होंने मेहनत की है। ऐसे कई अभिभावक होंगे शक्ति होगी, कुशलता होगी लेकिन किसी कारणवश वह पढ़ नहीं पाए। अब उनके मन में अपने बच्चों को पढ़ाने का जज्बा है। इस दौरान कृषि राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत, कुलपति डा. डीआर सिंह व विभागाध्यक्ष आदि मौजूद रहें। पानी के लिए आत्मनिर्भर बने विश्वविद्यालय दीक्षा समारोह में कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल ने मंच पर आई एक लीटर पानी की बोतल लौटकर छोटी बोतल की मांग की और जल संरक्षण पर जोर दिया। कहा कि इनोवेशन इंडेक्स में भारत 50वें स्थान पर आ गया है, चार पायदान ऊपर चढ़ गया है। आज पर्यावरण को संरक्षित करना होगा, प्राकृतिक खेती, गौ आधारित खेती को बढ़ावा देने की जरुरत है। हमारे यहां सभी तरह से पानी का महत्व बताया जाता है। इसके बावजूद वाटर प्यूरीफायर, बगीचे, नहाने और कार की धुलाई में पानी बर्बाद होता है। पानी की इस तरह की बर्बादी से भारत के 20 ऐसे शहर हैं, जहां आने वाले समय में पानी नहीं मिलेगा। विश्वविद्यालय स्वयं पानी के लिए आत्मनिर्भर बने और वर्षा जल का संचयन करें। मेधावियों को मिले पदक समारोह में आगरा की शैल्वी वर्मा, बरेली की अर्पिता सोनी, बिहार के औरंगाबाद जिले की प्रियंका सिंह और चंदौली के पवन कुमार मौर्या को कुलाधिपति व अन्य प्रायोजित स्वर्ण पदक दिए। समारोह में कुल 14 मेधावियों को कुलाधिपति पदक दिए, जिनमें नौ छात्राएं और छह छात्र शामिल हैं। कुल 643 छात्रों को उपाधि दी। 14 मेधावी विश्वविद्यालय रजत पदक और 14 कांस्य पदक से सम्मानित होंगे। 15 प्रायोजित पदक समाजसेवी संस्थाओं और पुरातन छात्रों के नाम से मेधावियों को दिए। हिन्दुस्थान समाचार/अजय/मोहित

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in