sp-candidate-malti-yadav-took-nomination-paper-for-the-post-of-district-panchayat-president
sp-candidate-malti-yadav-took-nomination-paper-for-the-post-of-district-panchayat-president

जिला पंचायत अध्यक्ष पद की सपा प्रत्याशी मालती यादव ने लिया नामांकन पत्र

प्रयागराज, 19 जून (हि.स.)। जिला पंचायत अध्यक्ष पद की सपा उम्मीदवार मालती यादव ने जिलाध्यक्ष योगेश चन्द्र यादव की अगुवाई में आज जिला पंचायत पहुंचकर नामांकन पत्र खरीदा। नामांकन पत्र चार सेटों में है। मालती यादव ने नामांकन पत्र खरीदने के बाद कार्यालय के बाहर मीडिया से बातचीत में कहा कि जिला पंचायत चुनाव में प्रयागराज ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में समाजवादी पार्टी बहुत आगे निकल चुकी है और भाजपा काफी पीछे छूट चुकी है। जिला पंचायत सदस्य के परिणाम आने के बाद ही भाजपा ने मात्र 14 की संख्या में अपनी जीत बताई थी। जबकि सपा ने 41 की संख्या बतायी थीl आज भी हालत यह है कि भाजपा प्रत्याशी नहीं तलाश पा रही है। मालती यादव ने दावा किया कि उन्हें 60 से अधिक सदस्यों का समर्थन मिलने की सम्भावना है। नामांकन पत्र लेने के बाद मालती यादव सपा जिला कार्यालय जॉर्ज टाउन में पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष स्व बाबू जवाहर सिंह यादव की मूर्ति पर माल्यार्पण कर नमन किया। इसके बाद जिलाध्यक्ष योगेश चन्द्र यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि अब तक के इतिहास में मीसा बंदी एवं पार्टी के वरिष्ट नेता राम मिलन यादव की पुत्री को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतारा गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के प्रति आभार प्रकट करते हुए योगेश यादव ने कहा कि जिला पंचायत के कुल 84 में 60 से अधिक सदस्यों का समर्थन मिलने की सम्भावना है। जिससे मालती यादव की जीत सुनिश्चित है। विधान परिषद सदस्य डॉ मान सिंह यादव ने कहा कि सभी 84 मतदाताओं से मालती यादव एवं सपा के नेताओं का सम्पर्क बराबर बना हुआ है। हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त

Raftaar | रफ्तार
raftaar.in