सोनिया गुजराती गली में सीवर समस्या से आजिज नागरिक सड़क पर उतरे, दिया धरना
वाराणसी, 06 फरवरी (हि.स.)। सिगरा क्षेत्र के सोनिया स्थित गुजराती गली में लम्बे समय से व्याप्त सीवर समस्या से क्षुब्ध क्षेत्रीय नागरिक शनिवार को सड़क पर उतर आये। क्षेत्रीय भाजपा पार्षद पुनवासी गुप्ता के नेतृत्व में नागरिक और महिलाएं नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गये। सूचना पाते ही मौके पर पुलिस अफसर फोर्स के साथ पहुंचे और नागरिकों को धरना से उठने के लिए समझाया। इस दौरान महिलाओं ने कहा कि गुजराती गली और आसपास के रास्ते में सीवर जाम की समस्या से गंदा पानी भरा रहता है। इसमें से होकर हमें आना जाना पड़ता है। कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। नागरिकों ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता यहां के पार्षद है। उनकी भी बात अफसर नहीं सुनते। नागरिकों ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है। सोनिया गुजराती गली शहर की प्रसिद्ध गली है। यहां गुजराती लोग अधिक रहते हैं। प्रधानमंत्री भी गुजरात से हैं। इसके बावजूद यहां की स्थिति नारकीय बनी हुई। कई बार क्षेत्र के विधायक एवं अधिकारियों का दौरा हुआ। लेकिन, अभी तक हम लोगों के समस्या का समाधान नहीं निकल पाया। थक हार कर धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है। इस सम्बन्ध में पार्षद ने बताया कि इस क्षेत्र में सीवर की समस्या आए दिन बनी रहती है। कई बार अधिकारियों को सूचना दी गई। लेकिन, आश्वासन पर आश्वासन ही मिला। दबाब बनाने पर कार्य होता है भी तो बहुत धीमी गति से। स्थिति जस की तस बनी रहती है। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/संजय-hindusthansamachar.in