साक्षी महाराज अपने विरोधी बयानों के लिए कुख्यात हैं - कांग्रेस

Sakshi Maharaj is notorious for his anti-statements - Congress
Sakshi Maharaj is notorious for his anti-statements - Congress

लखनऊ, 13 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद साक्षी महाराज के बयान पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता बृजेन्द्र कुमार सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कहा कि वह सत्ता के अहंकार में हमारे अन्नदाता किसानों का अपमान कर रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि साक्षी महाराज का यह कहना कि वही किसान आन्दोलन कर रहे हैं जिन्हें राम मन्दिर बनने से खुशी नहीं हुई है या सीएए-एनआरसी के समर्थक हैं, वही लोग धरने पर बैठे हैं। यह कहना अन्नदाता किसानों का अपमान करना है। भगवान श्रीराम के मंदिर बनने से हर किसान को तथा हर भारतवासी को गर्व और खुशी है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं होता कि किसान अपनी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करवाने, अपनी खेती को बचाने तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम के खत्म होने की वजह से व्यापारियों को जमाखोरी करने की असीमित छूट देने का समर्थन करें। मोदी सरकार द्वारा बनाये गये तीनों कृषि कानून किसानों के हितों के खिलाफ हैं। यह कानून अपने चहेते चंद पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए ही बनाये गये हैं। साक्षी महाराज द्वारा सीएए-एनआरसी का समर्थन करने की बात किसानों से जोड़ना विषय को भटकाने की एक सुनियोजित साजिश है, जिसकी कांग्रेस कड़े शब्दों में निन्दा करती है। साक्षी महाराज अपने उलूल-जुलूल और समाज विरोधी बयानों के लिए कुख्यात हैं। भारतीय जनता पार्टी ऐसे तत्वों को अपनी पार्टी में पाल कर रखती है जो समय-समय पर हमारे अन्नदाता किसानों, जवानों, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, स्वतंत्रता आन्दोलन के अमर शहीदों और महापुरूषों के खिलाफ अनर्गल प्रलाप करते रहें। भाजपा की विचारधारा का स्वतंत्रता आन्दोलन और राष्ट्र निर्माण में कोई योगदान नहीं रहा है। बृजेन्द्र ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भारत के अन्नदाता किसानों के साथ पूरी दृढ़ता के साथ खड़ी है। उनके हर संघर्ष में खड़ी रहेगी जब तक मोदी सरकार द्वारा बनाये गये तीनों काले कृषि कानून वापस नहीं लिया जाता। आज लोहड़ी का पवित्र पर्व है जिसका सीधा जुड़ाव अन्नदाता किसान और उसकी फसल से होता है। आज लाखों किसान अपने घरों से दूर कड़कड़ाती ठण्ड में अपनी फसल और अपनी जोत को बचाने के लिए, अपने हकों के लिए बैठे हुए हैं। यह क्रूर सरकार अन्नदाताओं को उनको हक देने की बजाय उनके जले पर नमक छिड़कने का काम कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार/दीपक-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in