– राज्यमंत्री ने चित्रकूट में किया विशेष टीका उत्सव का शुभारंभ चित्रकूट,11 अप्रैल (हि.स.)। कोरोना महामारी पर अंकुश लगाने के उददेश्य से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवाहन पर आयोजित चार दिवसीय विशेष टीका उत्सव का शुभारंभ रविवार को उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने जिला चिकित्सालय में बथू केंद्र में फीता काटकर किया। इस मौके पर मंत्री ने बताया कि ज्योतिबा फुले जयंती से शुरू हुआ टीका उत्सव 14 अप्रैल को बाबा साहेब डा0 अंबेडकर जयंती तक चलेगा। उन्होंने 45 वर्ष की आयु वाले सभी लोगों से टीकाकरण करा कर अपने एवं अपनों को कोरोना से सुरक्षित करने की अपील की है। जिला चिकित्सालय में टीका उत्सव का शुभारंभ करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि देश में कोरोना महामारी की स्थिति एक बार फिर से बिगड़ गई है। कोरोना के खिलाफ हमारे पास अभी सबसे कारगर हथियार वैक्सीन ही है। इसी मुहिम को और तेज करने के लिए आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आहवान पर देशभर में टीका उत्सव का शुभारंभ हो रहा है। मंत्री ने कहा कि सावधानी ही महामारी से बचाव का सर्वाेत्तम उपाय है। कहा कि मास्क पहनें और दूसरों को पहनने के लिए प्रेरित करें। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अथक प्रयासों से प्रदेश में अब तक लगभग 80 लाख लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई जा चुकी है। सूबे में रोजाना साढ़े तीन लाख लोगों का वैक्सीनेशन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मार्च 2020 तक यहां कोविड की जांच के लिए एक भी लैब नहीं थी। आज यूपी में 125 सरकारी और 104 निजी लैब्स हैं। उन्होंने 45 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी लोगों से जिले में संचालित 37 टीकाकरण केंद्रों पर पहुंचकर निःशुल्क कोरोना का टीका लगवाने की अपील की है। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने कहा कि कोरोना महामारी की रोकथाम के प्रति शासन-प्रशासन पूरी तरह गंभीर है।शासन द्वारा चार दिवसीय विशेष टीका उत्सव कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण कर रहा है।उन्होंने कहा कि जिले में वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। इसके अलावा उन्होंने लोगों से मास्क पहनने एवं कोरोना गाइड लाइन का अनुपालन करने की अपील की है। इसके अलावा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार यादव ने में बताया कि कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। जिले में 37 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। जिले में पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन की उपलब्धता है। कोविशील्ड और को-वैक्सीन की प्राप्त उपलब्धता है। सीएमओ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर 14 अप्रैल तक पूरे जिले में टीका उत्सव मनाया जा रहा है। बताया कि कोरोना के उपचार के लिए खोह और शिवरामपुर में दो अस्पताल बनाये गये है। बताया कि प्रतिदिन 15 से 17 सौ लोगो की कोरोना जांच कराई जा रही है। इस मौके पर सीएमएस डॉ. आर के गुप्ता, प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ मुकेश पहाड़ी, व्यापारी नेता पंकज अग्रवाल आदि दर्जनों लोग मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/ रतन




