प्रयागराज, 14 मई (हि.स.)। शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के कल्यानपुर नाले में पुलिया के नीचे सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर उसे पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। जानकारी के मुताबिक शिव कुमार पुत्र छेदीलाल (28) निवासी मोटियान टोला शंकरगढ़ शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे अपने घर से मोटरसाइकिल द्वारा कल्यानपुर की तरफ किसी काम से जा रहा था। जैसे ही वह कल्यानपुर पुलिया पर पहुंचा अनियंत्रित होकर नाले में गिर गया। जिससे सर में गंभीर चोट लगने के कारण मृत्यु हो गई। सुबह जब ग्रामीणों ने उक्त व्यक्ति का शव देखा तो शंकरगढ़ पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को नाले से बाहर निकाल कर शिनाख्त के लिए प्रयास करने लगी। शव के बगल नाले में ही व्यक्ति की मोटरसाइकिल पड़ी हुई थी। जिसे निकालकर गाड़ी के नंबर द्वारा पता लगाया गया तो उसकी शिनाख्त हो गई। शंकरगढ़ पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त




