pooja-bhandara-in-temple-ashrams-shout-for-every-hardev-mahadev
pooja-bhandara-in-temple-ashrams-shout-for-every-hardev-mahadev

मंदिर-आश्रमों में पूजन-भण्डारा, लगे हर-हर महादेव के जयकारे

- भोर से शुरु हुआ रुद्राभिषेक, बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु - लखनऊ में 14 मार्च को होगा रूद्राभिषेक, निकलेगी शोभायात्रा प्रयागराज, 11 मार्च (हि.स.)। महाशिवरात्रि पर गुरुवार को शिव मंदिरों और आश्रमों में भोर से पूजन-अर्चन शुरू होकर देर शाम तक चलता रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का विधि विधान से अभिषेक करते रहे और हर-हर महादेव के जयकारे लगाते रहे। ओम नमः शिवाय संस्था की ओर से गऊघाट आश्रम में भोर से रूद्राभिषेक और पूजन शुरु हो गया। पूर्वाह्न 11 बजे से भगवान शिव की लीलाओं का मंचन शुरु हुआ। उसके बाद विशाल भण्डारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। गुरुदेव ने बताया कि ओम नमः शिवाय संस्था प्रयागराज की ओर से महाशिवरात्रि पर 14 मार्च रविवार को लखनऊ के गोमती विस्तार नगर के विज्ञान खण्ड-4 जयपाल खेड़ा में रूद्राभिषेक, शिव लीला का मंचन और विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया है। बताया कि सुबह आठ बजे शिव बारात उठेगी और भव्य शोभायात्रा निकाली जायेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्वयंसेवक शामिल होंगे। उसके बाद रुद्राभिषेक का कार्यक्रम और शिव लीलाओं का मंचन आश्रम के स्वयंसेवक करेंगे। उन्होंने बताया कि भगवान शिव सभी मनोकामनाओं को पूर्ण करने वाले हैं। मनकामेश्वर मंदिर में पूजन अर्चन भोर से शुरू हो गया। भगवान महादेव के दर्शन पूजन के लिये श्रद्धालुओं की लंबी कतारें भोर से लग गयी। देर शाम तक पूजन दर्शन होता रहा। भगवान शिव का अभिषेक गंगा जल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र, मदार, धतूरा, बेल, शमी, सफेद फूल, बेर सहित अन्य सामग्रियों से विधि विधान से किया गया। मंदिर के प्रभारी स्वामी श्रीधरानंद महाराज ने बताया कि दर्शन और पूजन में बड़ी संख्या मे श्रद्धालु शामिल हुए और दर्शन देर रात तक चलता रहा। इसी प्रकार सिविल लाइंस हनुमान मंदिर, नागवासुकी मंदिर, तक्षकतीर्थ, शंकर विमान मण्डपम, पडिला महादेव मंदिर, लालापुर महादेव मंदिर सहित अन्य शिव मंदिरो में रूद्राभिषेक-पूजन और दर्शन भोर से शुरू होकर शाम तक चलता रहा। हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in