नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के झांसी में जब चार साल की मासूम ने अपने ही पिता की करतूत का सुनाई तो पुलिस के अलावा हर किसी का कलेजा फट गया। दरअसल, 27 साल की महिला संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली थी। महिला के परिजनों ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है। तो वहीं उनकी चार साल की बेटी ने एक ड्राइंग बनाई है, जिसमें उसने खुलासा किया है कि उसके पापा ने ही मम्मी को मारा है।
बच्ची बोली- पापा मुझे भी मारते थे
झांसी के कोतवाली क्षेत्र के शिव परिवार कॉलोनी इलाके इस घटना में 27 साल की महिला संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई। उसके परिवार ने आरोप लगाया कि उसके पति और ससुराल वालों ने उसकी हत्या की है। अब महिला की चार साल की बेटी ने एक ड्राइंग बनाकर बताया कि “पापा ने मम्मी को मारा, फिर पापा ने उसे फांसी पर लटका दिया। उन्होंने उसके सिर पर पत्थर मारा और फिर बोरे में बंद करके फेंक दिया। पापा मुझे भी मारते थे।”
दहेज में कार मांग रहा था आरोपी
महिला के पिता संजीव त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी 2019 में झांसी निवासी संदीप बुधौलिया से की थी। तब शादी में दहेज के नाम पर 20 लाख रुपये नकद और अन्य उपहार भी दिए थे। फिर शादी के कुछ दिन बाद पीड़िता के पति और उसके परिवार वाले दहेज में कार नहीं मिलने के लिए उसे प्रताडित करते रहते थे। ऐसे में संजीव त्रिपाठी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन समझौता होने के बाद मामला सुलझ गया था।
बेटा पैदा न करने का मारते थे ताना
उन्होंने आगे बताया कि पांच साल पहले महिला ने बेटी को जन्म दिया था। तब उसके ससुराल वालो ने उसे बेटा पैदा न कर पाने का ताना मारा और उसे अस्पताल में अकेला छोड़कर चले गए थे। जिसके बाद वे बेटी को अपने साथ घर ले गए थे।
फरार पति की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि कोतवाली के शिव परिवार कॉलोनी में रहने वाली महिला संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई है। उसके परिजनों ने उसके पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। हमने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले लिया है और औपचारिक शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। वहीं फरार पति की तलाश भी जारी है।





