महापौर ने क्रशर मशीन का किया उद्घाटन प्रयागराज, 05 जून (हि.स.)। महापौर प्रयागराज अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने आज पर्यावरण संरक्षण के लिए सुलाकी चौराहा पर नगर निगम द्वारा बोतल क्रशर मशीन का फीता काटकर उद्घाटन किया एवं निकले प्लास्टिक से बने झोले व टीशर्ट को लोगों में वितरित किया। अपील किया कि यह धरा हमें जल, वायु, भोजन के रूप में जीवन प्रदान करती है। इसकी रक्षा में ही हमारे प्राणों की रक्षा का संदेश निहित है। हमारे पुरखों ने भी कहा है कि एक पेड़ दस पुत्र के समान होता है। महापौर ने बताया कि इस मशीन में बोतल डालने पर मोबाइल नंबर दर्ज करने पर 160 रुपये रिवॉर्ड भी प्राप्त है। जिसे बस सेवा के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। यह रीसाइक्लिंग के लिए ऑटोमेटिक मशीन तैयार की गई है यह मशीन प्लास्टिक बोतल को छोटे-छोटे टुकड़ों में नष्ट कर देती है। फिर प्लास्टिक स्क्रैप से कम्पनी टीशर्ट और डस्टबिन तैयार करती है। कम्पनी ने मशीन का नाम पेट बॉटल फ्लैकिंग रखा है। इस मशीन को शहर के प्रमुख स्थानों पर लगाने का प्रस्ताव है, ताकि बॉटल वेस्ट मैनेजमेंट के साथ-साथ पब्लिक भी इसे प्रयोग कर सके। महापौर ने इसके उपरांत माधव ज्ञान केंद्र के सामने खरकौनी नाला का निर्माण प्रस्तावित है, निरीक्षण किया। यहां एक व्यक्ति द्वारा भवन निर्माण कर लिया गया है तथा नाले के पानी को अवरुद्ध कर दिया है। जिस कारण आने वाली बरसात में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होगी। निरीक्षण कर उन्होंने दूरभाष पर नगर आयुक्त तथा नगर अभियंता व अवर अभियंता को तत्काल पानी के निकासी की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही महापौर ने नगर निगम प्रयागराज के जोन कार्यालय नैनी में तथा चंद्रलोक चौराहा पर भी वृक्षारोपण कर पर्यावरण स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया। हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त




