हमीरपुर, 27 फरवरी (हि.स.)। जिलाधिकारी ज्ञानेश्वर त्रिपाठी ने शनिवार को ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने को स्थलीय सत्यापन किया। नवनिर्मित सार्वजनिक शौचालय की बोगस डिजाइन देख जिलाधिकारी ने ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग के अवर अभियंता के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। जिलाधिकारी मुस्करा ब्लाक के ग्राम पंचायत निवादा में बनाये गये सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण किया। शौचालय की डिजाइन मानक के अनुरूप में न पाये जाने पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई है। अवर अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण सेवा (आरईएस) के खिलाफ कार्यवाही करने के लिये नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया। मौके पर सार्वजनिक शौचालय के क्रियाशील न होने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल चालू करने और पानी टंकी आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। शौचालय का गेट मानक और डिजाइन के अनुरूप रखने के साथ ही बाउन्ड्री वॉल का निर्माण कराये जाने के निर्देश दिये गये। जिलाधिकारी ने बिंवार में बने खेल के मैदान का निरीक्षण किया, जहां बाउण्ड्री वॉल टूटी पाए जाने पर उसे दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के साथ इस मौके पर खंड विकास अधिकारी मुस्करा राम सिंह अहिरवार तथा अन्य संबंधित मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/पंकज





