नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। देश में भीषण गर्मी के कारण कई जगहों से आग लगने की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे ही एक खबर नोएडा के सेक्टर 100 में मौजूद लोटस ब्लूबर्ड सोसाइटी से सामने आई है। लोटस ब्लूबर्ड सोसाइटी के एक फ्लैट में एसी ब्लास्ट के कारण पूरा फ्लैट आग की चपेट मे आ गया। आग लगने से सोसाइटी के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के बाद आसपास के फ्लैट में रह रहें लोग अपने-अपने फ्लैट को छोड़कर नीचे भागे। जिसके बाद लोगों ने आग के लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी।
मौके पर फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौजुद
आग के लगने की सूचना मिलते ही सेक्टर-39 कोतवाली की पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गए। सोसायटी के गार्डों ने भी आग बुझाने में उनकी मदद की। मौके पर फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियों ने पहुंच कर समय रहते आग पर काबू पा लिया। चुकी आग बहुमंजिला इमारत के 12वें फ्लोर पर लगी थी, इसलिए दमकल विभाग को आग पर काबू पाने के लिए 2 घंटों की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। दमकल विभाग और पुलिस ने ऐतिहात के तौर पर पूरी सोसायटी को खाली करा लिया था। क्योंकि आग के कारण पूरे टॉवर में धुंआ भर गया था, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रहीं थी।
किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार आग से सिर्फ माली नुकसान हुआ है, किसी के घायल होने या हताहत होने की कोई खबर नहीं है। नोएडा के मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि आग एसी फटने से लगी। हमारी फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियों ने मौके पर पहुंच कर समय रहते आग पर काबू पा लिया। इसके साथ ही सोसायटी की अग्निशमन प्रणालियों ने हमारे पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया था। जिससे यहां किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं मिली।
गर्मी के कारण हो रही ऐसी घटनाएं
गौरतलब है कि इससे पहले गाजियाबाद के इंदिरापुरम कोतवाली क्षेत्र के शक्ति खंड दो के एक में फ्लैट में तेज धमाके के साथ एसी फटने से आग लग गई थी। धमाके की आवाज सुनकर लोग बाहर की ओर भागे। सूचना पर पहुंचे अग्निशमनकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था। यहां भी गनीमत रही की कोई भी इसकी चपेट में नहीं आया था। भीषण गर्मी के कारण देश के कई हिस्सों में ऐसी की घटनाएं देखी जा रहीं है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





