नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) से जुड़ी एक अहम खबर सामने आ रही है, UPMSP ने 2026 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के लिए नई संशोधित टाइम टेबल जारी कर दी है, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों को परीक्षा की तैयारियों की नई दिशा मिल गई है।
बोर्ड ने हिंदी और संस्कृत विषयों के पेपर की तारीखें और समय बदल दिए हैं, जिससे छात्रों को अपने रीविजन शेड्यूल में जरूरी बदलाव करने पड़ सकते हैं।
10वीं और 12वीं का टाइम टेबल बदला
UPMSP की नई सूचना के अनुसार, कक्षा 10 की हिंदी और प्राइमरी हिंदी परीक्षा अब 18 फरवरी 2026 को सुबह 8:30 बजे शुरू होकर 11:45 बजे समाप्त होगी। पहले यह परीक्षा 16 फरवरी 2026 को सुबह 8 बजे होने वाली थी।
इसके साथ ही, कक्षा 12 के सामान्य हिंदी और हिंदी पेपर की तारीखें भी बदल गई हैं। अब ये दोनों पेपर 18 फरवरी 2026 को दोपहर 2 बजे से 5:15 बजे तक होंगे, जबकि पहले इन्हें 16 फरवरी 2026 को आयोजित किया जाना था।
परीक्षा का समय पहले जैसा ही
कक्षा 12 संस्कृत परीक्षा की तारीख भी बदल गई है। पहले यह 10 मार्च 2026 को होने वाली थी, अब इसे 12 मार्च 2026 को दोपहर 2 बजे से 5:15 बजे तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षा का समय पहले जैसा ही रहेगा।
कुछ ही विषयों में बदलाव की संभावना
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि केवल कुछ ही विषयों की परीक्षा तिथियों में बदलाव किया गया है, बाकी टाइम टेबल पहले की तरह ही रहेगा। छात्र अपनी सुविधा के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से अपडेटेड टाइम टेबल डाउनलोड कर सकते हैं।
राज्य में 8,000 से अधिक परीक्षा केंद्र
प्रदेशभर के 8,000 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक बोर्ड परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। अनुमानित 52.3 लाख परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे, जिनमें 27.5 लाख कक्षा 10 और 24.8 लाख कक्षा 12 के छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
सुरक्षा और सुविधा को लेकर प्रशासन भी सख्त
परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया है, ताकि 52 लाख से अधिक परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केंद्रों में सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल सुनिश्चित किया जा सके।





