neeta-ambani-can-teach-in-bhu-proposal-sent
neeta-ambani-can-teach-in-bhu-proposal-sent

बीएचयू में पढ़ा सकती हैं नीता अंबानी, प्रस्ताव भेजा गया

-नीता अंबानी स्वीकारती हैं प्रस्ताव तो महिलाओं में अपने उद्यम के प्रति झुकाव बढ़ेगा वाराणसी, 14 मार्च (हि.स.)। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सामाजिक विज्ञान संकाय ने बड़ी पहल की है। संकाय ने रिलायंस फाउंडेशन की अध्यक्ष और रिलायंस इंडस्ट्रीज की कार्यकारी निदेशक नीता अंबानी को महिला अध्ययन और विकास केंद्र में विजिटिंग प्रोफेसर बनाने का प्रस्ताव भेजा है। नीता अम्बानी अगर विश्वविद्यालय के इस सम्मान बढ़ाने वाले फैसले को स्वीकार करती हैं तो वाराणसी ही नहीं पूरे पूर्वांचल की महिलाओं में अपने उद्यम के प्रति झुकाव बढ़ेगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आत्मनिर्भर भारत अभियान मुहिम भी रफ्तार पकड़ेगी। सामाजिक विज्ञान संकाय के डीन प्रोफेसर कौशल किशोर मिश्रा ने बताया कि नीता अंबानी के कार्यों का लाभ विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को मिले। इस लिए प्रस्ताव भेजा गया। उन्होंने बताया कि नीता अंबानी ने मौखिक तौर पर स्वीकारा भी है। महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के समय से परंपरा रही है कि बीएचयू से बड़े उद्योगपतियों को जोड़ा गया है। नीता अम्बानी के यहां से जुड़ने पर महिलाओं को रोजगार के कई साधन उपलब्ध होंगे। प्रो. मिश्र के अनुसार महिला अध्ययन केंद्र में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काम होता है। महिला अध्ययन और विकास केंद्र की समन्वयक प्रो. निधि शर्मा ने बताया कि महिला उद्यम, सामाजिक समस्याओं और महिला सहानभूति के क्षेत्र में नीता अंबानी का नाम वैश्विक स्तर पर है। उनके फाडंडेशन के द्वारा किए जा रहे बेहतर कार्यों की तकनीक विश्वविद्यालय सहित पूरे पूर्वांचल के गांव-गांव में पहुंचनी जरूरी है। नई शिक्षा नीति के तहत छात्र-छात्राओं को उद्यमिता से जोडऩा भी शैक्षणिक संस्थाओं का उद्देश्य बन गया है। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in