छत्रपति शाहू जी महाराज के सपनों को साकार कर रहे मोदी-योगी : सांसद

छत्रपति शाहू जी महाराज के सपनों को साकार कर रहे मोदी-योगी : सांसद
छत्रपति शाहू जी महाराज के सपनों को साकार कर रहे मोदी-योगी : सांसद

चित्रकूट, 26 जुलाई (हि.स.)। आरक्षण के जनक एवं सामाजिक परिवर्तन के अग्रदूत कोल्हापुर नरेश छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती रविवार को रगौली इंटर कॉलेज में सादगी से मनाई गई। शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन करने वाले छात्रों व आईएएस, पीसीएस चयनित होनहारों को घर-घर जाकर सांसद आरके सिंह पटेल ने सम्मानित किया। सांसद ने कहा कि सबका साथ सबका विकास की नीति पर काम कर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सामाजिक परिवर्तन के महानायक छत्रपति शाहूजी महाराज के सपनो को साकार कर रहे हैं। छत्रपति शाहू जी महाराज इंटर कॉलेज रगौली में रविवार को सादे समारोह में आयोजित जयंती समारोह में बांदा-चित्रकूट सांसद आरके सिंह पटेल ने कहा कि कोल्हापुर नरेश छत्रपति शाहू जी महाराज ने अपने राज्य में वर्ष 1902 में दलितों पिछड़ों व वंचितों को 50 प्रतिशत का आरक्षण सभी सेवाओं में दिया था। तभी से देश में आरक्षण की शुरूआत हुई थी। आगे चलकर डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने इसे कानूनी हक दिया। उन्होंने कहा कि छत्रपति शाहूजी महाराज ने निरक्षरता और दासता से मुक्ति दिलाने को अभियान चलाया था। सबका साथ सबका विकास की नीति पर कार्य कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, शाहूजी के अधूरे सपनों को साकार कर रहे हैं। इस मौके पर बांदा-चित्रकूट सांसद आरके सिंह पटेल ने घर-घर पहुंच कर यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट परीक्षा बालक व बालिका वर्ग में जिले के प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले हाईस्कूल ज्ञान भारती इंटर कॉलेज की छात्रा कुमारी आकांक्षा सिंह, इंटर इंटरमीडिएट में टॉपर स्मिता सिंह, इशिता सिंह सहित अर्पिता सिंह, कृति सिंह, अंजली सिंह, प्रतीक्षा मिश्र, जगदीश, रोहित सिंह, दीपक सिंह, शालिनी, आंचल सिंह, रवि कुशवाहा, नितेश शुक्ला, सुमित कुमार, अरमान सिंह, शिवम सिंह के अलावा प्रशासनिक अधिकारियों के विभिन्न पदों पर चयनित देवी दयाल सिंह, जवाहर लाल सिंह, धर्म सिंह को उनके घर जाकर सांसद ने सम्मानित किया। इसके अलावा उत्कृष्ट समाजसेवा के लिए वरिष्ठ पत्रकार शंकर यादव को भी सांसद ने अभिनंदन किया। हिन्दुस्थान समाचार /रतन-hindusthansamachar.in

Raftaar | रफ्तार
raftaar.in