मोदी सरकार के निर्णय से साकार होगा एससी छात्रों को उच्च शिक्षा का सपना : सांसद
मोदी सरकार के छात्रवृत्ति की राशि पांच गुना बढ़ाने की हो रहीं सराहना : अशोक जाटव चित्रकूट, 10 जनवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं को शिक्षित व प्रशिक्षित कर आत्मनिर्भर बनाने को लेकर कृत संकल्पित हैं। केंद्र सरकार ने इसके लिए मैट्रिकोत्तर छात्रवृति की केंद्रीय स्कीम के तहत 2021-22 से अगले पांच साल तक के लिए योजना की राशि 5 गुना बढ़ा दी है। उक्त जानकारी बांदा-चित्रकूट सांसद आर के सिंह पटेल ने रविवार को भाजपा प्रदेश मंत्री अशोक जाटव एवं जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे आदि की मौजूदगी में पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए एससी वर्ग से जुड़े छात्रों को सीधे खाते में स्कॉलरशिप भेजी जाएगी। जिसका 60 फीसदी हिस्सा केंद्र सरकार और 40 फीसदी राशि राज्य सरकारें चुकाएंगी। बताया कि 10वीं पास करने के बाद छात्रवृति के अभाव में कई छात्र उच्च शिक्षा की पढ़ाई छोड़ देते थे। राज्य सरकारों के पास पैसा न होने के कारण कई बार वो छात्रवृति नहीं दे पाते थे। जिसे देखते हुए केंद्र सरकार ने अनुसूचित जाति के उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति में परिवर्तन किया है। सांसद ने बताया कि ये राशि सरकार सीधे छात्रों के खातों में भेजेगी। सांसद श्री पटेल ने बताया कि राज्य सरकारों से विद्यार्थियों की खाता संख्या सहित सूची मंगाई जा रही है। पांच साल में करीब 5 करोड़ छात्रों को इसका लाभ मिलेगा। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 59.048 करोड़ रुपए के अनुमोदन प्रदान किया है। इसके तहत केंद्र सरकार 35 हजार 534 करोड़ रुपए कुल 60 फीसदी व शेष राशि राज्य सरकार द्वारा खर्च की जाएगी। जो पूरी पारदर्शिता के साथ छात्रों के खाते में डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर होगी। सरकार द्वारा 2018-19 में 1100 करोड़ से पांच गुना बढ़ाकर 6 हजार करोड़ रुपए प्रतिवर्ष किया है। भाजपा के प्रदेश मंत्री अशोक जाटव ने मोदी सरकार की सराहना करते हुए कहा कि मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास की अवधारणा पर काम कर रहीं है। जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे ने बताया कि मोदी सरकार सभी जाति, धर्म और सम्प्रदाय के लोगों के चहुंमुखी विकास के प्रति संकल्पित है। उन्होने बताया कि अनुमानतः 1.36 करोड़ ऐसे गरीब छात्र है जो वर्तमान में 10वीं कक्षा के बाद अपनी शिक्षा को जारी नहीं रख सकतें। ऐसे छात्रों को अगले पांच वर्षो में उच्चतर शिक्षा प्रणाली के अन्तर्गत लाया जायेगा। इस अवसर पर अनुसूचित मोर्चा के नेता सुरेश अनुरागी, महेंद्र कोटाय, जिला उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, महामंत्री अश्वनी अवस्थी, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश तिवारी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजकुमार त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/रतन/विद्या कान्त-hindusthansamachar.in