मीरजापुर, 27 जून (हि.स.)। अहरौरा थाना क्षेत्र के लखनिया दरी जल प्रपात पर रविवार को जौनपुर से पिकनिक मनाने आए युवकों की टोली में एक युवक की नहाने के दौरान जल प्रपात के गहरे कुंड में डूबने से मौत हो गई। वहीं एक युवक ने पानी में डूब रहे दो अन्य युवक को सुरक्षित बचा लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई है। जौनपुर के ओलनगंज खोआ मंडी निवासी सिद्धार्थ बिंद (20) पुत्र अजय बिंद रविवार को अपने अन्य साथियों के साथ पिकनिक मनाने लखनिया दरी जल प्रपात पर आया था। सभी साथी मिलकर खाना खाने के बाद जल प्रपात के कुंड में नहाने चले गए। इसी दौरान सिद्धार्थ बिंद साथी आदेश बिंद व एक अन्य साथी के साथ कुंड में डूबने लगा। तीनों युवकों को डूबता देख चंदौली के हमीदपुर निवासी धर्मेद्र ने सभी युवकों को बाहर निकालने का प्रयास किया। आदेश व उसका एक और साथी बचा लिया गया, लेकिन सिद्धार्थ डूब गया। काफी मशक्कत के बाद सिद्धार्थ को बाहर निकाल कर सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। हिन्दुस्थान समाचार/गिरजा शंकर/विद्या कान्त





