mauranipur-shooting-mayor-and-bjp-district-president-arrived-to-meet-the-relatives-of-the-deceased
mauranipur-shooting-mayor-and-bjp-district-president-arrived-to-meet-the-relatives-of-the-deceased

मऊरानीपुर गोलीकांड : मृतक के परिजन से मिलने पहुंचे महापौर व भाजपा जिलाध्यक्ष

- विधायक की शिकायत संगठन से करने का दिया आश्वासन झांसी,18 जून (हि.स.)। कस्बा मऊरानीपुर में अशोक अग्रवाल की गोली लगने के बाद हुई मौत में राजनैतिक दलों का शोक संवेदनाओं का दौर शुरु हो गया है। विभिन्न दलों के नेता पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर सांत्वना देने का कार्य कर रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को महापौर व भाजपा जिलाध्यक्ष ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। शुक्रवार को झांसी के महापौर रामतीर्थ सिंघल व भाजपा जिलाध्यक्ष जमुना प्रसाद कुशवाहा मऊरानीपुर पहुंचे। उन्होंने मृतक अशोक अग्रवाल के परिजनों से वार्ता की और उन्हें न्याय दिलाए जाने का भरोसा दिलाया। इसके साथ ही उन्होंने मऊरानीपुर विधायक पर लगे आरोप की शिकायत संगठन से करने की बात कही। कहा कि आरोपित किसी भी संगठन से क्यों न हों उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। महापौर ने बताया कि मृतक के परिजनों को व्यक्तिगत एवं संगठन की तरफ से पूरा सहयोग किया जाएगा और आरोपितों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही भी कराई जाएगी। इससे पूर्व कांग्रेस पार्टी के पूर्व केन्द्रीय मंत्री समेत सपा जिलाध्यक्ष महेश कश्यप व सपा की स्थानीय पूर्व विधायक श्रीमति रश्मि आर्या भी पीड़ित परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे थे। उल्लेखनीय है कि 13 जून की देर रात दुबे चौक में दरवाजे के सामने रखी बाइक हटाने को लेकर अग्रवाल व सेठिया परिवार के बीच विवाद हो गया था। मारपीट के बाद जमकर फायरिंग हुई थी, जिसमें अशोक, मुकेश व भोले अग्रवाल गम्भीर रुप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान अशोक की हालत ज्यादा बिगड़ गई थी। इसके चलते उन्हें दिल्ली ले जाया गया, जहां पहुंचने के पहले ही उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में सेठिया परिवार के सभी भाईयों समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए पांच लोगों की गिरफ्तारी की थी। अभी भी तीन लोग फरार चल रहे हैं। हिन्दुस्थान समाचार/महेश/विद्या कान्त

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in