mathura-technical-fault-in-jet-plane-emergency-landing-on-expressway
mathura-technical-fault-in-jet-plane-emergency-landing-on-expressway

मथुरा : जेट प्लेन में आई तकनीकी खराबी, एक्सप्रेस-वे पर हुई आपातकालीन लैंडिंग

मथुरा, 27 मई (हि.स.)। थाना नौहझील क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 72 पर गुरुवार को दो सीटर विमान (जेट प्लेन) की आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। इसके लिए दोनों तरफ से वाहनों का आवागमन कुछ देर के लिए रोक दिया गया। विमान के पायलट और को-पायलट सुरक्षित हैं। यह जेट प्लेन अलीगढ़ से नारनौल जा रहा था। नौहझील क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर उस समय हड़कम्प मच गया, जब एक जेट प्लेन ने आपातकालीन लैंडिंग ली। यमुना एक्स्रप्रेस पर वाहनों की गति थम गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा एक्सप्रेस वे पर वाहनों को रोककर डायवर्ट कराया गया। वहीं, जांच पड़ताल की गई। जांच में सामने आया कि जेट प्लेन अलीगढ़ की क्रॉस कंट्री फ्लाइट ट्रेनिंग सेंटर का है। प्लेन ने अलीगढ़ से नारनौल के लिए उड़ान भरी थी। प्लेन में कैप्टन जगरीत और स्टूडेंट आदित्य घोष सवार थे। प्लेन में पॉवर लॉस होने की वजह से इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। एक्सप्रेस वे पर लैंडिंग सुरक्षित हो गई। जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। कैप्टन जगरीत सिंह ने बताया कि जेट प्लेन में ट्रेनिंग के दौरान अचानक तकनीकी खराबी आ गई। पॉवर लॉस हो रही थी। इसलिए समय रहते लैडिंग करनी पड़ी। प्लेन में सवार दोनों ही सुरक्षित हैं। इस दौरान एक्सप्रेस वे कर्मियों ने लोगों को विमान के करीब आने से रोका। हालांकि लैडिंग के काफी समय बाद आवागमन को सुचारू कर दिया गया। हिन्दुस्थान समाचार/महेश/विद्या कान्त

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in