मथुरा, 16 मई (हि.स.)। थाना कोसीकलां क्षेत्र अंतर्गत बठैन गेट फ्लाईओवर पर रविवार शाम को बाइक सवार युवक की गर्दन चाइनीज मांझा से कट गई, जिससे उसकी मौत हो गई। दर्दनाक हादसे से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थाना कोसीकलां क्षेत्र दिल्ली गेट निवासी आबिद (20) पुत्र असलम रविवार की शाम बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए घर से निकला था। आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बठैन गेट फ्लाईओवर पर चलती बाइक पर अचानक से मांझा उसकी की गर्दन में फंस गया। आबिद ने जब मजा हाथ से पकड़कर खुद को बचाने का प्रयास किया तो उसका हाथ भी कट गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को समीप के नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हिन्दुस्थान समाचार/महेश





