मथुरा, 21 अप्रैल (हि.स.)। थाना नौहझील क्षेत्र के मुडलिया गांव में आचार संहिता की धज्जियां उड़ाते हुए दावत करने और पुलिस पर हमला करने के मामले में बुधवार दस लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश में पुलिस जुटी हैं। पुलिस की कार्रवाई के डर से गांव के लोग घटना के बाद से ही फरार हो गए हैं। गौरतलब हो कि, मंगलवार को मुडलिया गांव में चुनावी दावत करने और रोकने पर थाना प्रभारी लोकेश सिंह भाटी सहित छह पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया था। पुलिस की गाड़ी भी तोड़ दी थी। इस पर पुलिस ने एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देश पर चुनावी दाव करने और पुलिस पर हमला करने वालों के विरुद्ध विभिन्न संगीन धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने रातभर दबिश देकर बुधवार सुबह तक बवाल में शामिल योगेन्द्र, महेन्द्र प्रताप, विकाश, सुनील, राहुल, सुभाष चौधरी, जितेन्द्र, चन्द्रपाल, ब्रह्मपाल, कलुआ को गिरफ्तार कर लिया है। नौहझील थाना प्रभारी लोकेश सिंह भाटी ने बताया कि इस मामले में दस लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। जबकि अन्य की तलाश जारी है। इसके लिए उपद्रवियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। हिन्दुस्थान समाचार/महेश




