नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। माघी पूर्णिमा के शुभ अवसर पर संगम नगरी प्रयागराज में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही श्रद्धालु गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पावन संगम में डुबकी लगा रहे हैं। अब तक एक करोड़ 40 लाख श्रद्धालु और साधु-संत इस अमृत स्नान का हिस्सा बन चुके हैं।
भक्तों का जनसैलाब
माघ पूर्णिमा के अवसर पर वाराणसी में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। शीतला घाट, राजेंद्र प्रसाद घाट समेत अन्य गंगा घाटों पर हजारों भक्त स्नान कर भगवान सूर्य को अर्घ्य दे रहे हैं। इस बार काशी में पहले की तुलना में ज्यादा भीड़ देखी गई है। उड़ीसा से आए श्रद्धालुओं ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि काशी में आकर उन्हें अद्भुत आनंद की अनुभूति हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माघी पूर्णिमा स्नान पर्व पर प्रयागराज में व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए सुबह 4 बजे से ही अपने सरकारी आवास पर वॉर रूम में बैठक की। इस दौरान डीजीपी, प्रमुख सचिव गृह और अन्य अधिकारियों के साथ स्नान क्षेत्र की निगरानी की गई। इससे पहले बसंत पंचमी के अवसर पर भी मुख्यमंत्री ने वॉर रूम से व्यवस्थाओं पर नजर रखी थी।
प्रयागराज डीएम का बयान
प्रयागराज के जिलाधिकारी रवींद्र कुमार मंदार ने बताया कि माघी पूर्णिमा का स्नान बीती रात से ही सुरक्षित तरीके से हो रहा है। उन्होंने कहा, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 322 से अधिक सिविल अधिकारी और 9 हजार से ज्यादा सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। 60 से अधिक RAF कंपनियां और ट्रैफिक पुलिस की विशेष टीमें भी व्यवस्था संभाल रही हैं। अफवाहों पर ध्यान न दें, सभी ट्रेनें और यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं। अब तक 40 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर आईसीसीसी से पूरे मेला क्षेत्र और शहर पर नजर रखी जा रही है। 2750 हाई-टेक कैमरों, एंटी-ड्रोन सिस्टम और विशेष सुरक्षा टीमों की मदद से हर गतिविधि की निगरानी हो रही है।
शुभकामनाओं का सिलसिला जारी
माघ पूर्णिमा के इस पावन पर्व पर देशभर से शुभकामनाएं दी जा रही हैं। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा,”स्नान, दान और लोक आस्था के इस पर्व पर आप सभी को शुभकामनाएं। भगवान श्री हरि विष्णु के आशीर्वाद से आपके जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहे, यही कामना करता हूं।





