कौशाम्बी, 12 जून (हि.स.)। जनपद पुलिस महकमे में अवैध वसूली का काला कारोबार खुलेआम चल रहा है। खास बात यह है कि यह अवैध गोरखधंधा अफसरों की नाक के नीचे फल-फूल रहा है। शनिवार को ऐसा ही एक वीडियो रुपये लेने का सोशल मीडिया में छाया रहा। वीडियो एलआईयू दफ्तर के समीप का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो को चोरी छिपे कार में बैठ कर मोबाइल से बनाया गया है। वीडियो में एक शख्स लोकल इंटेलिजेंस यूनिट के एक कर्मचारी को पासपोर्ट जांच के नाम पर रुपये देता दिखाई पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि सैनी कोतवाली इलाके का रहने वाला अधेड़ पासपोर्ट बनवाने के लिए पिछले कई दिनों से एलआईयू दफ्तर के चक्कर लगा रहा था। रुपये लेने वाले शख्स का नाम गणेश मौर्य बताया जा रहा है, जो लोकल इंटेलिजेंस यूनिट में सिपाही के पद पर तैनात है। एएसपी समर बहादुर ने बताया, वीडियो उनके संज्ञान में लाया गया है। प्रकरण की जांच सीओ मंझनपुर को दी गई है। इन्स्पेक्टर एलआईयू की भूमिका की भी जांच के आदेश दिए गए है। जांच रिपोर्ट आने के पश्चात कार्यवाही की जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/अजय/विद्या कान्त





