— पीड़ित महंतों के साथ जिले के मठ-मंदिरों के अन्य महंत एसपी से मिले, लगाई सुरक्षा की गुहार कानपुर, 10 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की छोटी काशी कानपुर के गंगा किनारे स्थित प्राचीन शिव मंदिर ‘आनंदेश्वर’ के महंतों को महाशिवरात्रि से ठीक पूर्व जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी महाशिवरात्रि पर्व को लेकर मंदिर परिसर में लगाई जा रही बैरीकेटिंग को लेकर दी गई है। धमकी देने वालों में एक अधिवक्ता व उसके साथियों पर आरोप लगा है। इस मामले में बुधवार को जिले के मठ-मंदिरों के सभी महंतों का एक प्रतिनिधि मंडल एसपी पश्चिम से मिला और शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। दरअसल, कानपुर जिले के परमट स्थित गंगा किनारे आनंदेश्वर शिव का प्राचीन मंदिर है। मंदिर को छोटी काशी भी कहा जाता है। यहां पर महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए आने वाले श्रद्धालुओं के कतार में लगकर दर्शन-पूजन के लिए बैरीकेटिंग महंत इच्छा गिरि महाराज लगवा रहे थे। इस बीच एक अधिवक्ता अपने साथियों के साथ मंदिर दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने मंदिर में बैरीकेटिंग लगाने पर नाराजगी जताई। श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, जब उन्हें इसका हवाला दिया गया तो वह भड़क गए और मंदिर के तीनों महंतों को जान से मारने की धमकी देते हुए हाथापाई पर उतर आए। विवाद की स्थिति को देखते हुए मंहतों ने पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) मोहित अग्रवाल को फोन कर प्रकरण से अवगत कराया। आईजी के निर्देश पर ग्वालटोली थाना प्रभारी कौशल किशोर दीक्षित, परमट चौकी इंचार्ज फोर्स के साथ मंदिर पहुंचे, लेकिन तब तक महंतों को धमकी देने वाले मौके से भाग निकले। इस मामले में थाना प्रभारी ने बताया कि धमकी देने वाले आरोपितों की तलाश की जा रही है। प्रकरण को लेकर महंतों में काफी रोष है। महंतों को धमकाने के मामले में आज शहर के सभी मंदिरों के महंतों का एक दल पुलिस अधीक्षक पश्चिम डॉ. अनिल कुमार से मिलने पहुंचा। महंतों ने एसपी से आरोपियों की गिरफ्तारी करने के साथ सुरक्षा की गुहार लगाई। एसपी पश्चिम ने मामले में महंतों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है। एसपी से मिलने वाले महंतों के दल में इच्छा गिरि, अजय पुरी, पनकी मंदिर के महंत जितेन्द्र दास, अरुण पुरी महाराज आदि रहें। हिन्दुस्थान समाचार/महमूद/मोहित




