india-the-nation-that-gave-the-world-the-mantra-of-vasudhaiva-kutumbakam---dr-bharat-mishra
india-the-nation-that-gave-the-world-the-mantra-of-vasudhaiva-kutumbakam---dr-bharat-mishra

भारत वह राष्ट्र जिसने विश्व को वसुधैव कुटुंबकम का मंत्र दिया - डॉ भरत मिश्रा

- राम मंदिर निर्माण के लिए विहिप का घर-घर आवाहन चित्रकूट,29 जनवरी (हि. स.)। भारत ज्ञान का प्रकाश, भारत संस्कृति का वाहक, भारत वह राष्ट्र है जिसने विश्व को वसुधैव कुटुंबकम का मंत्र दिया। श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण केवल हिंदू आस्था का प्रतीक नहीं यह संपूर्ण भारत के मन मंदिर का प्रतिबिंब होगा। राम मंदिर निर्माण संपर्क महा अभियान कार्यक्रम के क्रम में शुक्रवार को चित्रकूट धाम नगर के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान निधि समर्पण अभियान के पालक प्रान्त प्राध्यापक प्रमुख डॉ भरत मिश्रा ने यह विचार व्यकत किये। श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण महा संपर्क अभियान के मझगवां तहसील खंड के सह प्रचार प्रसार प्रमुख शुभम राय त्रिपाठी ने बताया कि मंदिर निर्माण हेतु धर्म नगरी चित्रकूट एवं मझगवां खंड के राम सेवकों द्वारा निधि समर्पण हेतु बढ़-चढ़कर सहयोग का कार्य किया जा रहा है। जिसमें रामसेवक दल के रूप में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय जनता पार्टी एवं अन्य अनुषांगिक संगठनों के कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर राम मंदिर निर्माण के लिए राम भक्तों से आवाहन कर रहे हैं। जनसंपर्क अभियान चित्रकूट धाम नगर भ्रमण टोली का नेतृत्व विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष दुर्गेश तिवारी कर रहे हैं। इस अभियान के पालक डॉ भरत मिश्र का कहना है कि, इस पुण्य कार्य हेतु धर्म नगरी के संतों का आशीर्वाद प्राप्त है। जिसमें यहां के आश्रमों द्वारा अपने सामर्थ्य अनुसार राम कार्य के लिए निधि समर्पित की जा रही है। अखंड परम धाम आश्रम, जानकी महल आश्रम, कामदगिरि प्रदक्षिणा राम मोहल्ला आदि के साथ ही नगर में भी व्यापक रूप से समर्पण निधि संगठन को प्राप्त हो रही है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीरामकी कर्मभूमि में राम भक्तों का जोश, जय श्रीराम के जय घोष के रूप में सुनाई दे रहा है। नगर की बस्तियों में राम सेवकों की टोली घर-घर जाकर शोभा यात्रा के माध्यम से जागरण रैली करते हुए लोगों से मंदिर निर्माण के लिए समर्पण हेतु आवाहन कर रही है। नगर के केंद्रीय कार्यालय में प्रतिदिन सायं काल महा आरती का आयोजन होता है। संपर्क महा अभियान के क्रम में चित्रकूट धाम नगर के नयागांव में हनुमान मंदिर बजरंग आश्रम से वनदेवी आश्रम, आरोग्यधाम गेट से रामदर्शन तक जागरण यात्रा आदि के कार्यक्रम नगर में प्रतिदिन संपन्न हो रहे हैं। नगर, राम सेवकों की टोली द्वारा जय श्री राम, जय-जय राम के जयघोष से गूंज उठी। अभियान में प्रमुख रूप से डीआरआई संगठन सचिव अभय महाजन, डॉ भरत मिश्रा, विहिप जिला उपाध्यक्ष दुर्गेश तिवारी, प्रोफेसर आई. पी. त्रिपाठी, सुशील मिश्रा, भाजपा मंडल अध्यक्ष राव प्रबल श्रीवास्तव, कार्तिकेय द्विवेदी, डॉ अशोक तिवारी, श्रीमती मंजू सिंह, अधिवक्ता वसुंधरा शुक्ला, सिद्धांत रंजन त्रिवेदी, अर्जुन गर्ग, लाला पांडे, रमेश शास्त्री, राजू त्रिपाठी, नगर प्रचार प्रसार प्रमुख सत्यम मिश्रा, श्रीमति सुभद्रा गर्ग, बहन मीनाक्षी गर्ग, सुमेध मिश्रा, नभजीत गुर्जर, जय प्रकाश तिवारी, विपिन, विजय, नागेंद्र प्रिंस आदि मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/रतन-hindusthansamachar.in

Raftaar | रफ्तार
raftaar.in