शाहजहांपुर, 24 फरवरी (हि.स.)। जलालाबाद क्षेत्र में बीती देर रात संदिग्ध परिस्थितयो में कई झोपड़ियों में आग लग गई। इस दौरान झोपड़ी में सो रही एक दस वर्षीय किशोरी की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, थाना जलालाबाद क्षेत्र के गांव गुनारा निवासी शमीम, उनके भाई इकरार व नादिर अली परिवार के साथ अपनी अपनी झोपड़ियों में सो रहे थे। देर रात किसी तरह झोपड़ियों में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इस दौरान परिवार के सभी लोग झोपड़ियों से बाहर निकल आये लेकिन शमीम की 10 वर्षीय बेटी रायन झोपड़ी में फंसी रह गई। लोगों ने जब तक आग पर काबू पाया तब तक झोपड़ी में फंसी रायन की जलकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनों व स्थानीय लोगों द्वारा संभावना जताई जा रही है कि झोपड़ी के पास से गुजरी हाईटेंशन लाइन में शार्ट सर्किट हुआ और उससे निकली चिंगारी झोपड़ी पर गिरने से हादसा हो गया। हिन्दुस्थान समाचार/अमित/दीपक





