ललितपुर, 05 अप्रैल (हि. स.)। ललितपुर जिले में कोरोना फिर तेजी से फैल रहा हैं । कोरोना से संक्रमित नवोदय विद्यालय के उप प्राचार्य की रविवार को मौत हो गई । वहीं इस विद्यालय के चार छात्र पॉजिटिव पाए गए । बताया गया है कि ललितपुर में 24 घण्टे के अंदर 56 नए लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं । कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम दैलवारा स्थित नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश कुमार ने बताया कि विद्यालय में रह रहे उप प्राचार्य अर्जुन सिंह (59) निवासी बहराइच की दो दिन पूर्व तबियत खराब हुयी थी। उनकी कोरोना जांच करायी गयी थी, जो निगेटिव आयी थी। रविवार की सुबह अर्जुन सिंह की हालत बिगड़ गई । उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां कोरोना जांच पाॅजीटिव पायी गयी । उप प्राचार्य की हालत को गम्भीर देखते हुए चिकित्सकों ने उपचार के लिए उन्हें झांसी रिफर कर दिया । झांसी मेडिकल कॉलेज में बने कोविड अस्पताल में चिकित्सकों ने उप प्राचार्य अर्जुन सिंह को मृत घोषित कर दिया । प्राचार्य ने बताया कि रविवार को विद्यालय के 140 छात्र 53 स्टाफ की कोरोना जांच करायी गयी, जिनमें 4 छात्रों की जांच पाॅजीटिव आयी है। प्रधानाचार्य ने बताया कि छात्रों को अलग कमरे में रखा गया है। इधर रविवार की रात अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार मिश्र ने उप प्राचार्य की मौत कोविड से ही होने की पृष्टि की है। उन्होंने बताया कि रविवार को जिले में 56 पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। हिन्दुस्थान समाचार /कुन्दन / प्रभात ओझा




