घर लड्डू गोपाल यहां लाए थे घुमाने के लिए, इतना लगाव देखकर वृंदावन में चर्चाओं का बाजार तेज मथुरा, 03 अप्रैल(हि.स.)। विगत दिनों रंगभरनी एकादशी पर वृंदावन पहुंचे दिल्ली के परिवार के लड्डू गोपाल यहां बांकेबिहारी मंदिर में खो गए, जिनकी तलाश में आज तक यह परिवार भटक रहा है। ठाकुरजी के साथ ऐसा लगाव पहले कभी देखने को नहीं मिला। लड्डू गोपाल से मिलने की चाह में उन्होंने वृंदावन की कुंजगलियों में जगह-जगह पोस्टर चस्पा करवा दिए है, जिसमें उन्होंने 1100 रूपए देने की घोषणा की है। गौरतलब हो कि दिल्ली के रमेश नगर निवासी एक परिवार होली से पूर्व वृंदावन आया हुआ था। श्रीबांकेबिहारी के दर्शन को नियमित वृंदावन आने वाला यह परिवार अपने साथ ही घर से लड्डू गोपाल को भी लाया था। रंगभरनी एकादशी के दिन भीड़ के दबाव में लड्डू गोपाल को श्रीबांकेबिहारी मंदिर में रख दिया गया, जहां से उन्हें कोई उठा ले गया। इससे परेशान दिल्ली का परिवार काफी समय तक अपने लड्डू गोपाल को खोजता रहा। जानकारी क्षेत्रीय पुलिस को भी दी। काफी खोजबीन के बाद जानकारी न लगने पर संबंधित भक्त परिवार ने श्रीबांकेबिहारी मंदिर के आसपास पोस्टर लगा दिए हैं, जिसमें लड्डू गोपाल को लाने वाले को 11 हजार रुपये का इनाम भी देने की घोषणा दर्ज है। लड्डू गोपाल के खो जाने के पोस्टर इन दिनों श्रीबांकेबिहारी मंदिर के आसपास चर्चाओं में है। दिल्ली का यह परिवार अपने लड्डू गोपाल की तलाश में अभी भी वृंदावन में भटक रहा है। हिन्दुस्थान समाचार/महेश





