csa-will-make-75th-anniversary-of-independence-memorable-brainstorming-on-action-plan
csa-will-make-75th-anniversary-of-independence-memorable-brainstorming-on-action-plan

आजादी की 75वीं वर्षगांठ को यादगार बनाएगा सीएसए, कार्य योजना पर हुआ मंथन

— 1320 किसानों की सफलता की कहानियों का संकलन होगा तैयार कानपुर, 09 जून (हि.स.)। आगामी वर्ष 2022 को देश अपनी आजादी की 75वीं वर्षगांठ मनाएगा और अभी से सभी विभाग तैयारियों में जुट गये हैं। इसी कड़ी में सीएसए भी आजादी की 75वीं वर्षगांठ को यादगार बनाने के लिए कार्य योजना बना रहा है और बुधवार को आगामी कार्य योजना को लेकर विश्वविद्यालय के उच्चाधिकारियों में मंथन हुआ। कुलपति डा. डीआर सिंह ने साफ कहा कि किसानों के द्वारा किसानों के लिए अधिक से अधिक व्याख्यान कराए जाएं। इसके साथ ही 75 हजार किसानों की फॉर्मर्स डायरेक्टरी एवं 1320 किसानों की सफलता की कहानियों का संकलन अभिलंब तैयार कराया जाए। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के कुलपति डा. डीआर सिंह ने बुधवार को विश्वविद्यालय के सभी अधिष्ठाता एवं निदेशकों के साथ आवश्यक बैठक की। कुलपति ने कहा कि समस्त अधिष्ठाता एवं निदेशक 75 व्याख्यान वर्चुअल माध्यम से संपन्न कराएं, जिसमें देश के प्रख्यात कृषि वैज्ञानिकों के व्याख्यान कराए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रथम व्याख्यान देश के कृषि वैज्ञानिक भर्ती बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष एवं पद्म विभूषण डॉक्टर आरबी सिंह द्वारा "नए भारत निर्माण में कृषि परिवर्तन" विषय पर होगा। इस अवसर पर निदेशक प्रसार/ समन्वयक को निर्देशित किया कि प्रत्येक कृषि विज्ञान केंद्र पर 15-15 व्याख्यान "किसानों के द्वारा किसानों के लिए' विषय पर आयोजित कराए जाएं। जिसमें विशेष रुप से संबंधित जनपदों के प्रगतिशील किसानों के व्याख्यान अवश्य शामिल हो जो कि किसानों के लिए प्रभावी होंगे। कहा कि प्रत्येक दशा में 75 प्रकाशन (जिनमें किताबें, बुलेटिन, फोल्डर एवं कृषक उपयोगी साहित्य शामिल हो) प्रकाशित कराए जाएं। इसके साथ ही 25 नवीनतम तकनीकी, फसलों की प्रजातियां एवं फसल उत्पाद भी विकसित किए जाएं। कुलपति ने यह भी निर्देश दिए यह समस्त कार्य आजादी के 75 वी वर्षगांठ यानी 15 अगस्त वर्ष 2022 तक अवश्य पूर्ण कर लिए जाएं। इस अवसर पर निदेशक शोध डा. एच जी प्रकाश, निदेशक प्रसार/ समन्वयक डा. एके सिंह, अधिष्ठाता गृह विज्ञान डॉक्टर वेदरतन, अधिष्ठाता कृषि संकाय डॉक्टर धर्मराज सिंह, अधिष्ठाता लखीमपुर खीरी डॉक्टर आरके यादव, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉक्टर आरपी सिंह एवं विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ खलील खान मौजूद रहें। हिन्दुस्थान समाचार/अजय

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in