crane-crushed-cycling-brothers-one-dead-one-serious
crane-crushed-cycling-brothers-one-dead-one-serious

क्रेन ने साईकिल सवार भाइयों को कुचला, एक की मौत, एक गम्भीर

- स्थानीय लोगों ने शव सड़क पर रख मार्ग किया जाम कौशाम्बी, 27 जून (हि.स.)। सराय अकिल थाना क्षेत्र के रकसराई गांव के समीप क्रेन ने साईकिल सवार चचेरे भाइयों को कुचल दिया। प्रयागराज कौशाम्बी मार्ग पर रविवार को सुबह हुए हादसे में एक की मौत हो गई जबकि एक अन्य गम्भीर घायल है। रकसराई गांव के रहने वाले सुखलाल (40) पुत्र जगरूप व राजेश (25) गणेश आपस में चचेरे भाई हैं। दोनों रविवार की सुबह मजदूरी करने साइकिल से जा रहे थे। गांव के बाहर प्रयागराज कौशाम्बी मार्ग पर जैसे ही पहुंचे। सराय अकिल से कौशाम्बी उत्खनन स्थल की तरफ जा रहे क्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सुखलाल क्रेन के नीचे आ गया और कुचल कर उसकी मौत हो गई। जबकि चचेरा भाई गणेश के शरीर के अन्य हिस्से में चोटे आई। हादसे के बाद क्रेन चालक उसे छोड़ फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल गणेश को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है। पुलिस सुखलाल के शव को लेने पहुंची, लेकिन स्थानीय लोगों ने शव देने से इंकार कर सड़क मार्ग जाम कर दिया। लोग पुलिस और प्रशासन के बड़े अधिकारियों को मौके पर बुलाकर मुआवजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं। एसडीएम एवं सीओ मंझनपुर मौके पर नाराज लोगों का समझा कर सड़क मार्ग सामान्य करने की कोशिश में लगे हैं। एसडीएम मंझनपुर राजेश चन्द्रा ने बताया, हादसे में सुखलाल की मौत से नाराज लोग मुआवजे की मांग को लेकर जाम कर रहे हैं। उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा है। नियमानुसार मुआवजा दिए जाने का आश्वासन दिया गया है, लेकिन लोग तत्काल मुआवजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं। वार्ता का क्रम जारी है। जल्द ही प्रयागराज कौशाम्बी मार्ग को सामान्य कर दिया जायेगा। हिन्दुस्थान समाचार/अजय/विद्या कान्त

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in