co-misbehaves-with-female-complainant-who-came-to-meet-deputy-chief-minister
co-misbehaves-with-female-complainant-who-came-to-meet-deputy-chief-minister

उप मुख्यमंत्री से मिलने आई महिला फरियादी को सीओ ने दुत्कारा

रायबरेली, 24 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार अधिकारियों से जनता के साथ विनम्रता से पेश आने को कह रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके इतर है। उनके निर्देश के बावजूद अधिकारी अपना रवैया छोड़ने को तैयार नहीं हैं। सोमवार को जनपद दौरे पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा से मिलने आई एक महिला फरियादी को सीओ ने दुत्कार कर भगा दिया। जबकि महिला रोते हुए मिन्नतें करती रही। दरअसल विकास भवन के मीटिंग हाल में उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा कोरोना को लेकर प्रशासनिक, पुलिस और स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ समीक्षा कर रहे थे। वहीं, बाहर उनकी सुरक्षा ड्यूटी में तैनात सदर सर्किल के क्षेत्राधिकारी महिला के साथ खुलेआम अभद्रता कर रहे थे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिले के गदागंज थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़ित प्रीतू सिंह अपनी फरियाद लेकर विकास भवन पहुंची थी। पीड़िता के अनुसार, कुछ दिन पूर्व उसके गांव के नवनिर्वाचित प्रधान ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया था, लेकिन स्थानीय थाना पुलिस मामले में प्रधान के विरुद्ध कार्रवाई करने से बच रही है। इसी मामले को लेकर महिला विकास भवन में उप मुख्यमंत्री से भेंट करके गुहार लगाने आई थी। लेकिन वहां ड्यूटी पर तैनात सीओ सदर महिपाल पाठक ने महिला को फटकार लगाते हुए वहां से हटने को कहा। महिला हाथ जोड़कर कहती रही कि हमें एक बार मिल लेने दीजिए, मैं आपके पैर पकड़ती हूं। इस पर सीओ ने अपना आपा खो दिया और कहा बकवास कर रही है। पुलिस अधिकारी दुत्कारते हुए आगे बढ़ गया। वहीं, महिला रोते हुए अपनी बात दोहराती रही। सोशल मीडिया में वायरल इस वीडियो की चर्चा जोरों से है। हिन्दुस्थान समाचार/रजनीश/विद्या कान्त

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in