बुलन्दशहर : मुठभेड़ में आठ गो तस्कर गिरफ्तार, दो बदमाश और दो पुलिसकर्मी घायल
बुलंदशहर, 03 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद में शनिवार भोर पहर पुलिस और गो तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें आठ तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी और दो बदमाश घायल बताए जा रहे हैं। इन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, सूचना मिली की कुछ गो तस्कर जहांगीराबाद के निवाड़ा जंगल में मौजूद है। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने जंगल को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस को देखकर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से गोली चलाई गई, जिसमें दो बदमाश और दो पुलिसकर्मी घायल हुए है। इन दोनों को मिलाकर आठ तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं। तलाशी के दौरान इनके पास छह तमंचे मय कारतूस बरामद किया गया है। इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से प्रेस वार्ता कर अहम जानकारियां दी जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/दीपक