लखनऊ, 02 जून (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार का डबल इंजन आठ वर्षों से यार्ड में ही खड़ा है। राज्य सरकार के चार वर्ष और इसी अवधि में केंद्र के चार वर्षों में डबल इंजन टस से मस नहीं हुआ। विकास योजनाएं प्लेटफार्म पर इंतजार में हैं। कोई पूंछने वाला नहीं। बुधवार को जारी बयान में श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार अधिकारियों की शंटिग करती रहती है। जब कुछ करना नहीं तो भाजपा को अधिकारी-अधिकारी खेलना ही भाता है। एक अधिकारी दिल्ली से लखनऊ भेजे गए। उन्हें काम नहींं करने दिया गया। वहीं, पं बंगाल में काम कर रहे अधिकारी को काम करने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में करारी हार का बदला भाजपा निचले स्तर पर आकर ले रही है। यह संघीय ढांचे की मूल भावना की अवहेलना और लोकतंत्र के विरुद्ध भाजपा के साजिश की रणनीति है। निहित स्वार्थवश भारी बहुमत में आई ममता सरकार को परेशान किया जा रहा है। एक छोटे मुद्दे को बेवजह प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाकर भाजपा ने अपनी किरकिरी कराई है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में तो भाजपा को कुछ करना नहीं है। यहां तो सत्ता का लालच भाजपा के सिर चढ़कर बोलने लगा है। बचे हुए समय में यहां भाजपा सरकार अधिकारियों की सेटिंग में ही समय खपा रही है। कोरोना महामारी में चारों और हाहाकार के बीच प्रधानमंत्री वाराणसी मॉडल और मुख्यमंत्री गोरखपुर मॉडल की चर्चा में ही लगे रहे। उन्होंने कोरोना को भी प्रदेश में मॉडलिंग मंच बना दिया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में राज्यपाल अनावश्यक हस्तक्षेप करते रहते हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में राज्यपाल की सिर्फ सलाहकार की भूमिका है। उप्र में राज्यपाल या तो स्वतः अनभिज्ञ रहती हैं या फिर राज्य सरकार उनकी सलाहों को अहमियत नहीं देती है। हिन्दुस्थान समाचार/उपेन्द्र/विद्या कान्त




