bjp-became-the-largest-party-only-due-to-the-sacrifice-and-sacrifice-of-democracy-fighters---ashutosh-tandon
bjp-became-the-largest-party-only-due-to-the-sacrifice-and-sacrifice-of-democracy-fighters---ashutosh-tandon

लोकतंत्र सेनानियों के त्याग और बलिदान से ही भाजपा बना सबसे बड़ा दल - आशुतोष टंडन

वाराणसी,25 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नगर विकास और जिले के प्रभारी मंत्री आशुतोष टंडन ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के त्याग और बलिदान से ही भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना है। 25 जून 1975 के दिन आपका त्याग और बलिदान युवा कार्यकर्ताओं को हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। नगर विकास मंत्री शुक्रवार शाम भारतीय जनता पार्टी के महानगर कार्यालय में लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करने के बाद कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 25 जून का दिन हिन्दुस्तान के इतिहास में सदैव एक काले अध्याय के रूप में याद किया जाएगा। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। दुनिया में हमारी मिसाल दी जाती है। यह ऐसा लोकतंत्र है, जिसमें आजादी के बाद एक साधारण परिवार के लोग भी कहां से कहां तक पहुंचे। इनमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री और न जाने कितने नाम है जो एक साधारण परिवार से शिखर तक पहुंचे। नगर विकास मंत्री ने आपातकाल को याद करते हुए कहा कि उस वक्त मै 15 वर्ष का था। जनसंघ के सभी कार्यकर्ताओं को जेल के अंदर ठूंस दिया गया था। उस समय के कार्यकर्ताओं ने संघर्ष का रास्ता अपनाया एवं प्रताड़ना भी सही। उसके बाद जनता पार्टी की सरकार आई। उस सरकार में हमारे पार्टी के शिखर पुरूष अटल बिहारी वाजपेई की पहल पर संविधान में ऐसा संशोधन किया गया कि देश में दोबारा आपातकाल ना आए। उस समय की प्रताड़ना सहने वाले लोग जब आज आपातकाल को हम सभी के बीच में रखते हैं तो हम लोगों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं। नगर विकास मंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान कर उनके प्रति आदरभाव दिखाया। सम्मानित होने वाले लोगों में डॉ बैजनाथ, बुद्धदेव यादव, पूर्व एमएलसी डॉक्टर शिवनाथ यादव, जगदीश जायसवाल, पूर्व एमएलसी केदारनाथ सिंह, सुभाष चंद्र गुप्ता, हीरालाल मौर्य, राधेश्याम अग्रहरी, बनवारी लाल अग्रहरी, महेंद्र सिंह एडवोकेट शामिल रहे। इस दौरान लोकतंत्र सेनानियों ने मुंह पर काला मास्क लगाकर आपातकाल के विरोध में काला दिवस मनाया। समारोह की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने किया। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in