bhawani-singh39s-loss-was-irreparable-damage-to-bjp-organization-family-considered-activist
bhawani-singh39s-loss-was-irreparable-damage-to-bjp-organization-family-considered-activist

भवानी सिंह का जाना भाजपा संगठन के लिए अपूरणीय क्षति, कार्यकर्ता को मानते थे परिवार

-सोशल मीडिया के जरिये शोक जता श्रद्धांजलि दे रहे कार्यकर्ता वाराणसी, 05 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के उत्तर प्रदेश सह-संगठन महामंत्री भवानी सिंह के निधन से काशी क्षेत्र के कार्यकर्ता मर्माहत हैं। बुधवार अपराह्न इसकी जानकारी मिलते ही काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चन्द्र श्रीवास्तव ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने शोक संदेश में कहा कि मन अब और पीड़ा सहने करने की शक्ति खो चुका है। नि:शब्द हूं। भवानी भाई साहब का जाना संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। कुछ ही समय मे उन्होंने काशी क्षेत्र के हर कार्यकर्ता को एवं काशी क्षेत्र के हर कार्यकर्ता ने उनको एक पारिवारिक सदस्य के रूप में अपना लिया था। यह क्षेत्र के हर कार्यकर्ता के लिए व्यक्तिगत क्षति है। कम समय में ही वे हम सभी से ऐसे घुलमिल गये थे,जैसे कई वर्षों का साथ हो। उनका जाना पार्टी संगठन के लिए एक बड़ी क्षति है जिसको पूरा किया नहीं जा सकता है। स्थानीय जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, युवा नेता चाणक्य त्रिपाठी ने भी शोक जताया है। महानगर के पदाधिकारी शोभनाथ विश्वकर्मा ने कहा कि वे हर कार्यकर्ता को अपने परिवार का सदस्य मानते थे। काशी क्षेत्र के पदाधिकारी धर्मेन्द्र सिंह ने श्रद्धांजलि देकर उनके व्यक्तित्व को याद किया। उनसे जुड़ी स्मृतियों को याद कर कहा कि प्रदेश सह संगठन महामंत्री के रुप में भवानी सिंह अभी हाल ही में काशी आए थे। अटल जी की स्मृति में क्वींस कालेज में आयोजित काव्यांजलि समारोह में पहुंचे और पहुंचते ही पकड़ ली माइक। हम सबके लिए उनका यह पहला परिचय ही सब कुछ कह गया। संवेदनशील, भावुक, कवि हृदय, निश्छल, निष्कपट, मृदुभाषी व्यक्तित्व था भाई साहब का। बताते चले, कोरोना से संक्रमित होने पर उनका इलाज पीजीआई लखनऊ में चल रहा था। अचानक हालत गंभीर देख प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर उन्हें इलाज के लिए हैदराबाद एयर एम्बुलेंस से भेजा गया। जहां उन्होंने इलाज के दौरान आज अंतिम सांस ली। 51 वर्षीय भवानी सिंह मूल रूप से फर्रुखाबाद जिले के रहने वाले थे। वे संघ में 30 साल तक पूर्णकालिक प्रचारक रहे। आगरा के विभाग प्रचारक से जुलाई 2013 में भाजपा संगठन में भेजा गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने उन्हें पिछले वर्ष के नवम्बर माह के आखिरी दिनों में उत्तर प्रदेश के पार्टी संगठन में सह-संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी थी। उनका केन्द्र काशी था। इसके पूर्व वे ब्रज और कानपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री रहे। अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण के लिए समर्पण निधि अभियान में उन्होंने बढ़-चढ़ कर भागीदारी की थी। बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा को भारी सफलता दिलाने में अहम योगदान दिया था। उधर,भवानी सिंह के असमय निधन पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने भी सोशल मीडिया के जरिये शोक जताया है। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in