banda-a-tigress-again-gave-birth-to-young-cubs-in-panna-tiger-reserve
banda-a-tigress-again-gave-birth-to-young-cubs-in-panna-tiger-reserve

बांदा : पन्ना टाइगर रिजर्व में फिर एक बाघिन ने नन्हे शावकों को दिया जन्म

बांदा, 10 अप्रैल (हि.स.)। बांदा के सीमावर्ती पन्ना टाइगर रिजर्व में फिर एक बाघिन ने नन्हे शावकों को जन्म दिया है। बाघिन पी-151 अपने दो शावकों के साथ एक दिन पूर्व नौ अप्रैल को सुबह पहली बार नजर आई है। पार्क भ्रमण करने पहुंचे पर्यटकों ने बिल्कुल पास से इस बाघिन को शावकों के साथ देखा और उसका वीडियो भी बनाया है। अपने परिवार के साथ पन्ना टाइगर रिजर्व घूमने के लिए गए राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बांदा के डॉक्टर अनुराग चौहान ने बताया कि शावकों के साथ बाघिन को इतने नजदीक से देखकर वे अत्यधिक रोमांचित हैं। उनका परिवार बेहद खुश है, क्योंकि उन्होंने इस तरह के दृश्य से रूबरू होने की कल्पना भी नहीं की थी। श्री चौहान ने बताया कि, शावक बहुत ही प्यारे व फुर्तीले दिख रहे थे। एक शावक मां के साथ था व दूसरा कुछ दूरी पर पीछे चल रहा था। बाघिन जंगल में अंदर की तरफ जा रही थी, अचानक रुकी और पीछे छूट गए शावक के पास पहुंच गई तथा उसे अपने साथ लेकर घने जंगल में चली गई। यह पूरा नजारा देखकर हम मंत्रमुग्ध हो गए। पर्यटक गाइड मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि बाघिन पी-151 पहली बार अपने शावकों के साथ जंगल में दिखी है। नन्हे शावकों को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि उनकी उम्र दो-ढाई माह के लगभग होगी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की सुबह जब पर्यटकों को लेकर जिप्सी वाहन मंडला रेंज के कमानी गेट से पक्का गढ़ा की तरफ जा रहे थे, उसी समय रास्ते में यह बाघिन दो नन्हे शावकों के साथ नजर आई। पांच जिप्सियों में सवार पर्यटकों ने इस रोमांचकारी नजारे को बड़े इत्मिनान व बेहद नजदीक से देखा। इसके पूर्व विगत 26 मार्च 2021 को बाघिन टी-6 अपने चार नन्हे शावकों के साथ दिखी थी। बीते चार माह के भीतर पन्ना टाइगर रिजर्व में 15 शावकों का जन्म हो चुका है। इतनी बड़ी संख्या में शावकों की मौजूदगी के चलते पन्ना टाइगर रिजर्व पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बाघिन टी-6 ने अब तक 17 शावकों को दे चुकी है जन्म रिजर्व के क्षेत्र संचालक उत्तम कुमार शर्मा ने बताया पन्ना में बाघों को फिर बसाने की योजना के तहत 2014 में बाघिन टी-6 को पेंच टाइगर रिजर्व से तीन वर्ष की उम्र में यहां लाया गया था। महज सात वर्ष में वह छठी बार मां बनी और पन्ना को अब तक कुल 17 बाघ शावक दिए हैं। बाघों की वंशवृद्धि में उसका विशेष योगदान रहा है। पन्ना में वर्तमान में 20-25 बाघ शावक हैं। वहीं सभी आयु वर्ग के बाघों की संख्या 72 से ऊपर जा चुकी है। इन दिनों बाघों की फेज-4 की गणना जारी है। हिन्दुस्थान समाचार/अनिल/मोहित

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in