उत्तर-प्रदेश
बलरामपुर : अज्ञात कारणों से लगी आग में सात घर जलकर राख
बलरामपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। जनपद के मथुरा बाजार क्षेत्र के भगवानपुर ग्राम में अज्ञात कारणों से बुधवार को आग लग गई। हादसे में सात घर जलकर राख हो गए हैं। बुधवार की दोपहर सबसे पहले भगवानपुर निवासी राम कुमार के घर अज्ञात कारणों से आग लगी। आग इतना भीषण था कि देखते ही देखते आग ने सात घरों को अपने आगोश में ले लिया। हादसे में रक्षपाल, भास्कर दत्त, अशर्फीलाल, राघव राम निषाद, शिवकुमार, गुड्डू के फूस के मकान जलकर राख हो गए। पीड़ितों के मुताबिक, तकरीबन पांच लाख की संपत्ति जल गई है। घटना की सूचना मिलते ही मथुरा चौकी इंचार्ज बिंदेश्वरी यादव दलबल सहित पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया। राजस्व निरीक्षक लाल बहादुर ने बताया कि क्षति का आकलन कर शीघ्र ही पीड़ितों को सहायता राशि दिलाई जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/प्रभाकर