सपा का नाम होना चाहिए विध्वंसात्मक पार्टी : योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अयोध्या में भाजपा के महापौर प्रत्याशी महंत गिरीश पति त्रिपाठी के समर्थन में जीआईसी मैदान में आयोजित रैली को संबोधित किया।

अयोध्या, एजेंसी। रामनगरी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निशाने पर समाजवादी पार्टी पर रही। उन्होंने कहा कि सपा ने अयोध्या के इंटरनेशनल एयरपोर्ट में रोड़ा अटकाने का काम किया था। सपा का नाम ही विध्वंसात्मक पार्टी होनी चाहिए। यह न कभी अच्छा कर सकते, न सोच सकते हैं। इनकी सोच आतंकियों, अपराधियों, विकास में रोड़ा अटकाने व अराजकता फैलाने वालों के साथ होती है। यह विकास के पग-पग पर रोड़ा अटकाएंगे। उनका काम है रोड़ा अटकाना, हमारा काम है बैरियर हटाकर विकास के कार्य को प्रशस्त कर लेना। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि इस वर्ष के अंत तक यह इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन जाएगा।

बीजेपी के लिए किए प्रचार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अयोध्या में भाजपा के महापौर प्रत्याशी महंत गिरीश पति त्रिपाठी के समर्थन में जीआईसी मैदान में आयोजित रैली को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि अयोध्या पावन धाम है। यहां से सकारात्मक व सात्विक प्रवृत्ति के लोग ही जीतकर जाने चाहिए।
2017 के पहले जो लोग अयोध्या के नाम से कतराते थे, आज उनमें यहां आने की होड़
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या आज अपने गौरव के साथ दुनिया को आकर्षित कर रही है। 2017 के पहले जो लोग अयोध्या का नाम लेने व आने में कतराते थे। आज उनमें अयोध्या आने की होड़ लगी है। हर व्यक्ति देखना चाहता है कि आखिर अयोध्या में क्या है। उन्हें नहीं मालूम कि रामभक्तों ने 500 वर्ष से इस लड़ाई को रुकने व थमने नहीं दिया। निरंतर संघर्ष-प्रयास होता रहा। हम सभी पीएम मोदी के नीति व युक्ति के आभारी हैं। उन्होंने राम जन्मभूमि मुक्ति के इस अभियान को जो स्वरूप दिया कि उसका परिणाम है कि इस वर्ष के अंत तक राम मंदिर के भव्य मंदिर निर्माण का काम पूरा होगा। तब अयोध्या दुनिया की सुंदरतम नगरी में से एक होगी।

अयोध्या को नगर निगम के रूप में मान्यता देने के लिए हस्ताक्षर करने का सौभाग्य मिला
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या को नगर निगम के रूप में मान्यता देने के लिए मुझे ही हस्ताक्षर करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। कुछ लोग रामभक्तों का लहू बहाकर अयोध्या को बदनाम कर रहे थे पर जब हमें अवसर मिला तो हमने अयोध्या की पुरातन रामराज्य की पहचान दिलाने का प्रयास किया।

सब नर करहिं परस्पर प्रीति,चलहिं स्वधर्म निरत श्रुति नीति
हम सभी ने इस भाव के साथ अयोध्या में कार्य किया। आज अयोध्या बदल रही है, सबको आकर्षित कर रही है। हमारे जनप्रतिनिधियों ने पूरी ताकत के साथ इस कार्य को बढ़ाया, इसलिए हम चाहते हैं कि नगर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए महंत गिरीश पति त्रिपाठी के नेतृत्व में बोर्ड बने।

खाली स्थानों पर सोलर पैनल लगने से जगमग होगी अयोध्या
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या देश की पहली सौलर सिटी बनने वाली है। सूर्यवंश की राजधानी है तो सोलर एनर्जी का प्रयोग होगा। यह कार्यक्रम लागू करने की तैयारी हो रही है। खाली छत घर की बिजली की आवश्यकताओं की पूर्ति करेगी। कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, नहरों, सरयू मैया के किनारे चारों ओर सोलर पैनल लगाकर बिजली उत्पादन का कार्य होगा और उससे अयोध्या जगमग करती रहेगी। यह वही अयोध्या है, जिसके बारे में विरोधी लोग कहते थे कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता। लाखों कारसेवकों ने यहां पहुंचकर ताकत का अहसास करा दिया था।

Related Stories

No stories found.