-एमएलसी ए.के. शर्मा तथा कमिश्नर ने कोरोना संक्रमण से बचाव की ली जानकारी वाराणसी, 28 अप्रैल(हि.स.)। एमएलसी ए. के. शर्मा तथा वाराणसी परिक्षेत्र के कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये जौनपुर एवं गाजीपुर जिले में कोरोना महामारी से बचाव की तैयारियों की जानकारी लेने के साथ चल रही कार्यवाही की समीक्षा भी की। दोनों जनपदों के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया कि जनपदों के कोविड अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में बेड एवं दवाओं सहित ऑक्सीजन की उपलब्धता हर हालत में सुनिश्चित कराया जाए। किसी भी स्थिति में कोरोना मरीजों को चिकित्सा सुविधा प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना कतई न करना पड़े। जिलाधिकारियों ने अपने-अपने जनपदों में अब तक किए गए कार्यवाही के संबंध में एमएलसी और कमिश्नर को विस्तार से जानकारी दी। अफसरों ने बताया कि कोरोना महामारी से निपटने के लिए हर स्तर पर तैयारी की गई है। कोविड मरीजों के इलाज का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। घरों में होम आइसोलेशन में रह रहे कोविड लक्षण वाले मरीजों पर भी पैनी नजर प्रशासन रखे हुए हैं। उनका हर संभव ख्याल रखा जा रहा है तथा उनसे टेलिफोनिक वार्ता कर उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां भी प्राप्त की जा रही हैं। कमिश्नर ने कहा कि कोरोना मरीजों को चिकित्सा सुविधा प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर





