औरैया, एजेंसी। सदर कोतवाली के मोहल्ला ब्रह्मनगर नगर में एक विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी पर पहुंचे मृतका के परिजन ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
शहर के मोहल्ला ब्रह्म नगर निवासी अंबुज बाजपेई का विवाह इंदरगढ़ कन्नौज निवासी रुचि (32) के साथ 15 अप्रैल 2022 को हुई थी। रविवार की देर रात्रि विवाहिता रुचि ने संदिग्ध हालत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार को घटना की जानकारी होते ही ससुराल वालों की जानकारी पर मायके वाले घर पहुंचे और आरोप लगाया। रुचि के परिजनों ने जानकारी दी कि शादी के बाद से दामाद अंबुज बेटी से किसी भी परिवार के सदस्य से बात नहीं कराता था और अतिरिक्त दहेज की मांग करता था। किसी तरह से यह बात बेटी ने उन तक पहुंचाई थी।
मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ सिटी प्रदीप कुमार ने बताया कि अभी तक मृतक महिला के परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए कार्रवाई की जाएगी।




