abhyudaya-yojana-a-new-beginning-to-the-life-of-youth
abhyudaya-yojana-a-new-beginning-to-the-life-of-youth

अभ्युदय योजना युवाओं के जीवन निर्माण की एक नई शुरुआत

ओडीओपी की तर्ज पर अभ्युदय योजना को भी लोकप्रिय बनाएंगे प्रयागराज, 15 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किये गये अभ्युदय योजना के शुभारम्भ कार्यक्रम का एमनएनआईटी में सजीव प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण केन्द्र की सुविधा के लिए अति महत्वाकांक्षी अभ्युदय योजना की शुरुआत करते हुए इसे प्रदेश के युवाओं को समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभ्युदय योजना एक प्रशिक्षण केन्द्र मात्र नहीं है यह युवाओं के जीवन निर्माण की एक नई शुरुआत है। सरकार युवाओं के भविष्य को उज्जवल बनाने के लिए कृत संकल्प है। यह युवाओं के जीवन में मार्ग प्रशस्त करने की एक लाभदायी योजना सिद्ध होगी। उन्होंने छात्रों से कहा कि लक्ष्य को बड़ा रखें, शुरूआत अच्छे से करें, बुनियाद को मजबूत करें। यह योजना मार्गदर्शक के रूप में कार्य करेंगी। कहा कि ओडीओपी की तर्ज पर अभ्युदय योजना को भी लोकप्रिय बनाएंगे। इसकी शुरुआत अभी प्रदेश के 18 मंडल मुख्यालयों पर किया गया है, जिसका आगे जिला स्तर पर भी विस्तार किया जाएगा। कहा कि ‘‘छोटे मन से कोई बड़ा नहीं होता और टूटे मन से कोई खड़ा नहीं होता’’। उन्होंने युवाओं को हमेशा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने अभ्युदय योजना में चयनित कई मण्डलों के छात्र-छात्राओं से संवाद भी किया। जिसमें प्रयागराज की शिष्या सिंह राठौर ने मुख्यमंत्री से पूछा कि पढ़ाई में एकाग्रता के लिए क्या करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यक्ति की सकारात्मक सोच, उसकी एकाग्रता को बढ़ाता है, परिणाम की चिंता नहीं करना चाहिए। अपने लक्ष्य की दिशा में अडिग होकर आगे बढ़ते रहना चाहिए। व्यक्ति को अपनी मेहनत पर विश्वास करना चाहिए। नियमित एवं संयमित दिनचर्या व्यक्ति को सफलता के सर्वोच्च शिखर पर ले जाने में सहायक सिद्ध होता है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार ने आईएएस, आईपीएस, पीसीएस, एनडीएस, सीडीएस, नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अभ्युदय योजना आरम्भ की है। जिसका मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को शुभारम्भ किया। इसके तहत ऐसे सभी छात्रों को निःशुल्क प्रशिक्षण केन्द्र की सुविधा मिलेगी, जो इन परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह नहीं कर पाते हैं। प्रशिक्षण केन्द्र में पढ़ाई 16 फरवरी बसंत पंचमी से शुरू होगी। इस अवसर पर जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी ने छात्रों के साथ प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारियों के सम्बंध में अपने अनुभव साझा किया तथा तैयारियों के सम्बंध में टिप्स भी दिये। उन्होंने कहा कि जीवन में समय का बहुत महत्व होता है। एकाग्रता के साथ विषय पर फोकस करना चाहिए। हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/दीपक-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in