38 मिलीमीटर बारिश से मौसम हुआ सुहाना, गिरा तापमान
38 मिलीमीटर बारिश से मौसम हुआ सुहाना, गिरा तापमान

38 मिलीमीटर बारिश से मौसम हुआ सुहाना, गिरा तापमान

- बंगाल की खाड़ी के उत्तरी इलाकों पर बना है एन्टी साइक्लोनिक सर्कुलेशन कानपुर, 29 जून (हि.स.)। बीते दिनों वातावरण में पर्याप्त नमी होने के चलते हो रही उमस भरी गर्मी सोमवार को तेज बारिश होने से गायब हो गयी। दिनभर रुक-रुक कर हो रही बारिश से मौसम पूरी तरह से सुहाना हो गया और लोगों को गर्मी से निजात मिल सकी। रही सही कसर तेज हवाएं ठंडक ला रही थी और लोगों को कूलर आदि बंद करना पड़ा। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दो दिनों तक तेज आंधी के साथ भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। इस वर्ष मौसम का मिजाज बराबर बदल रहा है और इसी के चलते मानूसनी बारिश जो कानपुर परिक्षेत्र में 20 जून के आस-पास हो जाती थी वह इस बार नहीं हो सकी। हालांकि प्री मानसून की बारिश होती रही और मार्च माह से लेकर जून तक रुक-रुक कर बारिश होती रही, जिससे लोगों को इस वर्ष अधिक गर्मी का सामना नहीं करना पड़ा। यह अलग बात रही कि इस वर्ष बदले मौसम के मिजाज से सबसे ज्यादा किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ा और उनकी फसलों का नुकसान हुआ। अब एक बार फिर तेज मानसूनी बारिश के आसार बन गये हैं और आज भी करीब 38 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई। तेज बारिश होने से बीते दिनों से हो रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिल सकी और तापमान भी गिर गया। तापमान गिरने और तेज बारिश होने से मौसम पूरी तरह से सुहाना हो गया। चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. सुनील पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि डब्ल्यूडी की हवाओं से प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तरी राजस्थान व आसपास के इलाकों पर बना हुआ है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र तटीय महारष्ट्र व साथ लगते मध्य-पुर्वी अरब सागर पर बना हुआ है। एक द्रोणिका पाकिस्तान से लेकर बिहार तक उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, हरियाणा, उत्तरप्रदेश होते हुए बनी हुई है। पश्चिमी विक्षोभ के आगे निकलने के साथ उत्तर पूर्व भारत इसका असर बढ़ रहा है। साथ ही बंगाल की खाड़ी के उत्तरी इलाकों पर बना एन्टी साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण नम ऊपरी स्तर पर मौजूद हवाएं 3.2 किलोमीटर से 4.5 किलोमीटर से काफी तेजी से हिमालय की चोटियों से टकरा रही है। अवध प्रदेश, पूर्वांचल, बुंदेलखंड, पूर्वी व पश्चिम मध्यप्रदेश, मध्य उत्तर प्रदेश में ज्यादातर जगह बारिश संभव है। कई जगह भारी बारिश भी देखने को मिल सकती है। बताया कि आज का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा। इसी तरह न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.0 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 92 फीसदी और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 75 फीसदी दर्ज की गयी। हवा की गति 9.9 कि०मी०/घंटा रही और इनकी दिशाएं दक्षिण पूर्व रही। इस सप्ताह मध्य उत्तर प्रदेश के ब्लाक एवं जिला स्तर पर आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के कारण आगामी दो दिनों तक तेज हवाओं एवं गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है। हिन्दुस्थान समाचार /अजय/मोहित-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in