औरैया, एजेंसी। शिक्षक विपुल कुमार ने दिबियापुर के रामगढ़ के एक गेस्ट हाउस में आयोजित अपनी भतीजी दीप्ति की शादी में आए बारातियों को प्रकृति प्रेमी नेहा कुशवाहा के द्वारा दहेज स्वरूप पौधों का दान कराया और सभी से इस प्रकार की पहल को आगे बढ़ाने की अपील की।
रामगढ़ कस्बे के समीप स्थित गांव ढ़रकन निवासी ऊदल सिंह की सुपुत्री दीप्ति उर्फ गीता और मैनपुरी जनपद के करहल स्थित दरौआ गांव निवासी राम बिहारी के सुपुत्र गोविन्द का शादी समारोह रामगढ़ की एक गेस्ट हाउस में आयोजित हो रहा था। जयमाला के दौरान वर-वधु को आशीर्वाद देने की प्रक्रिया चल रही थी, उसी दौरान वधु के चाचा विपुल कुमार के निर्देशन में राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता नेहा कुशवाहा और राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त, शिक्षक मनीष कुमार ने सबसे पहले वर-वधु को आम और जामुन का एक-एक पौधा भेंट किया। तत्पश्चात पौधा लेने और उसको लगाने के इच्छुक 30 बारातियों को एक-एक पौधा भेंट किया। शिक्षक विपुल कुमार ने उपस्थित जनों से शादी-विवाह में दहेज स्वरूप पौधों के दान के चलन को बढ़ावा देने की अपील की।
अब तक 3115 पौधों के रोपण व दान से राष्ट्रीय स्तर की पहचान बना चुकी नेहा कुशवाहा ने भी सभी से अपील की है कि शादी विवाह में जल की बर्बादी, खाना की बर्बादी और पैसे की बर्बादी को रोकने का प्रयास करें और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सदैव जागरूक रहें। इस अवसर पर शिक्षक दीप नारायण, सुधा कुमारी, शिक्षक मोहित सिंह आदि के अतिरिक्त दोनों पक्षों के रिश्तेदार उपस्थित रहे।





