हाथरस जा रहे कांग्रेसियों की हुई पुलिस से झड़प, पुलिस ने लिये हिरासत में
फिरोजाबाद, 3 अक्टूवर (हि.स.)। हाथरस पीड़िता के घर संवेदना व्यक्त करने शनिवार को फिरोजाबाद से हाथरस जा रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने टूण्डला हाइवे पर रोक लिया और थाने ले गयी। इस दौरान कांग्रेस नेताओं की पुलिस से झड़प भी हुई। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संदीप तिवारी ने बताया कि हाथरस की बिटिया के घर कांग्रेस के लोग सम्वेदना व्यक्त करने जा रहे हैं। दिल्ली से हमारे नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ कांग्रेसजन हाथरस के लिए निकले हैं। इसी प्रकार फिरोजाबाद से भी कांग्रेसजन हाथरस के लिए निकले। टूण्डला के पास हाइवे पर कांग्रेस के लोगों को फिरोजाबाद जिले की पुलिस द्वारा दलबल सहित रोक लिया गया। कांग्रेसजन की पुलिस वालों से बहुत नोंकझोंक हुई किन्तु पुलिस द्वारा कांग्रेसियों को हिरासत में लेकर थाना टूण्डला कोतवाली लाया गया। उन्होंने कहा है कि हाथरस में हुयी इस घटना के विरुद्ध जनता में जबरदस्त रोष है। एआईसीसी सदस्य अतुल चतुर्वेदी ने कहा कि सबसे बड़ी बात यह है कि लोगों की समझ में यह बात नहीं आ रही है कि आखिर पीड़ित परिवार से लोगों को क्यों नहीं मिलने दिया जा रहा है। आखिर क्या वजह है कि लोग पीड़िता के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त नहीं कर सकते। जिला प्रवक्ता मनोज भटेले ने कहा कि यह सरकार तानाशाह सरकार है। दुष्यंत ने कहा है कि अब ये तानाशाही नहीं चल पाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/कौशल/-hindusthansamachar.in