
76 नए मरीजों के साथ जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या पहुंची 1886 झांसी, 26 जुलाइ(हिं.स.)। जिले में कोरोना का कहर बदस्तूर जारी है। रविवार को 76 नए कोरोना पाॅजिटिव मरीजों के साथ कुल मरीजों की संख्या 1886 जा पहुंची है। इसके साथ ही दिन व दिन सुधर रहे रिकवरी रेट जरुर जिले के लिए शुभ संकेत लेकर आया है। रविवार तक कुल 50.2 प्रतिशत कोरोना मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। वहीं मृत्यु दर 3.1 प्रतिशत बनी हुई है। जिलाधिकारी आन्द्रा वामसी ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को जिले के विभिन्न कंटेनमेंट जोन से कुल 1708 नमूने कोविड-19 टेस्ट को लिए गए थे। इनमें से 76 नमूने कोविड-19 पाॅजिटिव पाए गए हैं। इसके साथ ही कुल कोरोना मरीजों की संख्या अब 1886 जा पहुंची है। वहीं आज 49 लोगों को डिस्चार्ज करने के साथ ही अब तक कोरोना पर विजय पाने वाले कुल 948 मरीज कोरोना को मात देकर अपने घर जा चुके हैं। इसके अलावा रविवार को 3 कोरोना पाॅजिटिव मरीजों की मौत भी हुई है। इसके साथ ही मौतों की कुल संख्या 59 जा पहुंची है। जनपद में कुल एक्टिव पाॅजिटिव मरीजों की संख्या 879 हो गई है। अच्छी बात यह है कि जनपद में रिकवरी रेट दिन व दिन काफी सुधार हुआ है। यह सुधार निरंतर दिखाई दे रहा है। इसके चलते आज कोरोना पाॅजिटिव मरीजों का रिकवरी रेट 50.2 पर जा पहुंचा हैै। हालांकि यह अन्य जगहों से अभी काफी पीछे है। लेकिन जनपद के लिए इसमें हुआ सुधार एक शुभ संकेत माना जा सकता है। जिले में एक्टिव पाॅजिटिव केस में बिना लक्षण वाले कोरोना मरीजों की संख्या 757 है। जबकि लक्षण वाले कुल 122 मरीज हैं। इनमें से 26 गंभीर रोगी हैं जबकि 96 मरीजों में कोरोना के हल्के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारी लोगों से लगातार घरों में रहने और माॅस्क लगाकर निकलने की अपील कर रहे हैं। हिन्दुस्थान समाचार/महेश/मोहित-hindusthansamachar.in