कांग्रेस राजनीति खत्म होने के डर से कृषि कानूनों का कर रही विरोध-स्मृति ईरानी
कांग्रेस राजनीति खत्म होने के डर से कृषि कानूनों का कर रही विरोध-स्मृति ईरानी

कांग्रेस राजनीति खत्म होने के डर से कृषि कानूनों का कर रही विरोध-स्मृति ईरानी

-शहंशाहपुर भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान में केन्द्रीय मंत्री ने किया किसानों से संवाद वाराणसी, 03 अक्टूबर (हि.स.)। केन्द्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने कृषि कानूनों पर भ्रम फैला रहे विपक्षी दलों से किसानों को आगाह किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजनीति खत्म होने के डर से विधेयकों का विरोध कर रही है। विरोध करने वाले दल किसान और किसान की प्रगति में अपनी राजनीतिक प्रगति नहीं देख पा रहे हैं। शनिवार को वाराणसी पहुंची केन्द्रीय मंत्री रोहनिया शहंशाहपुर स्थित भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान के सभागार में किसानों से संवाद कर रही थी। संवाद के दौरान केन्द्रीय मंत्री ने क्षेत्र के चयनित प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करने के बाद उनके अनुभव को सुना और काले धान की खेती अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी में करने के लिए किसानों को आमंत्रित भी किया। संवाद के दौरान केन्द्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और पार्टी नेतृत्व पर सवालों की बौछार भी लगाई। उन्होंने मोदी सरकार के किसानों के हित में हो रहे कार्यों का उल्लेखकर कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में गेहूं, धान की एमएसपी क्या थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि संसद में किसानों के हित में तीन विधेयक पेश किए गए तो अमेठी के पूर्व सांसद राहुल गांधी ने पार्टी के सांसदों को बिचौलियों का पक्ष रखने को कहा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों की जमकर तारीफ के बाद केन्द्रीय मंत्री ने किसानों को भरोसा दिया कि सरकार किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए कार्य कर रही है। इन कानूनों से किसानों को अपनी उपज बेचने में और ज्यादा विकल्प मिलेंगे। केन्द्रीय मंत्री ने संवाद के पूर्व प्रगतिशील किसानों की सब्जी की प्रदर्शनी को भी देखा। किसानों से इस दौरान बातचीत भी करती रही। केन्द्रीय मंत्री ने अनुसंधान परिसर में कृषि वैज्ञानिकों के लिए निर्मित अत्याधुनिक लैब का भी अवलोकन किया। संवाद में भाजपा के उत्तर प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा, काशी क्षेत्र अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल, रोहनिया विधायक सुरेन्द्र सिंह,कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव,पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह और पार्टी के स्थानीय नेताओं ने भी भागीदारी की। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/संजय-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.